लखनऊ, 29 मई। गगनयान मिशन के अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का सी.एम.एस. में स्वागत हुआ। शुभांशु उन चार अंतरिक्ष यात्रियों में से एक हैं जिन्हें गगनयान मिशन हेतु इसरो ने चयनित किया है। सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी ने सी.एम.एस. अलीगंज प्रथम कैम्पस में शुभांशु का हार्दिक स्वागत किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती गौरी खन्ना वरिष्ठ प्रधानाचार्या श्रीमती ज्योति कश्यप व प्रधानाचार्या श्रीमती शिवानी सिंह ने भी शुभांशु का हार्दिक स्वागत करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर शुभांशु ने अपने स्कूली दिनों को याद करते हुए स्कूल की कक्षा से लेकर अन्तरिक्ष की कक्षा तक के यात्रा विवरण को साझा किया। शुभांशु को गगनयान मिशन हेतु रूस के यूरी गागरिन कॉस्मोनॉट ट्रेनिंग सेन्टर में विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है एवं उनकी अभूतपूर्व उपलब्धि हेतु 27 फरवरी, 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘एस्ट्रोनॉट्स विंग्स’ सम्मान से सम्मानित किया गया है।







