इजराइल-ईरान के बीच जारी संघर्ष का 9वां दिन : संघर्ष विराम की कोशिशें नाकाम
नई दिल्ली, 22 जून : इजराइल – ईरान के बीच जारी संघर्ष का आज 9वां दिन है। इजराइली सेना ने शनिवार को ईरानी सेना के 3 कमांडरों को मारने का दावा किया है। इनमें ड्रोन यूनिट, आईआरजीसी कुस फोर्स और आईआरजीसी के फिलिस्तीनी मामलों से जुड़े अधिकारी शामिल हैं। इजराइल ने ईरानी शहरों- खोरमाबाद, कोम, इस्फहान पर भी मिसाइलें दागीं। इसमें 5 लोगों की मौत और 4 घायल हो गए। इजरायल की डिफेंस फोर्स ने दावा किया है कि उन्होंने ईरानी मिलिट्री के सीनियर सदस्य सईद इजादी को मार गिराया है। इजादी पर इजरायल के खिलाफ साजिश रचने का आरोप है।
इजरायल ने ईरान में एक टारगेटेड एयरस्ट्राइक कर इजादी को मार गिराया है। सोशल मीडिया साइट एक्स पर आईडीएफ ने लिखा, इजरायल को नष्ट करने के ईरानी सरकार की योजना के मास्टरमाइंड सईद इजादी को कोम क्षेत्र में एक सटीक हमले में मार गिराया गया है। इजादी कुस फोर्स के फिलिस्तीनी कोर का कमांडर था और ईरान व हमास के बीच को-ऑर्डिनेट करता था। वहीं, ईरान ने शनिवार सुबह इजराइल में तेल अवीव समेत दूसरे शहरों पर मिसाइल हमले किए। हालांकि, इनमें कोई हताहत नहीं हुआ।
इजराइल जीत रहा उसे रोक नहीं सकते : ट्रम्प
- इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि वह इजराइल को जंग रोकने के लिए नहीं कहेंगे। फिलहाल इजराइल जंग में आगे है। इस वजह से उसे रोकना मुश्किल है।
- उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि हमने ईरान में तीन परमाणु स्थलों, जिसमें फोर्डो, नतांज और इस्फहान शामिल हैं, पर बहुत सफल हमला पूरा कर लिया है। सभी विमान अब ईरान की हवाई सीमा से बाहर हैं। प्राथमिक स्थल फोर्डो पर पूरे बम लोड गिराए गए। सभी विमान सुरक्षित अपने घर की ओर बढ़ रहे हैं। हमारे महान अमेरिकी योद्धाओं को बधाई। दुनिया में कोई अन्य सेना ऐसा नहीं कर सकती। अब शांति का समय है! इस मामले पर आपका ध्यान देने के लिए धन्यवाद।
बता दें कि इजराइल ने 13 जून की सुबह ईरान पर सबसे पहले हमला किया था। बीते 8 दिनों में ईरान में अब तक 657 लोगों की मौत हुई है और 2000 से ज्यादा घायल हैं। इजराइल में 24 लोग मारे गए हैं, जबकि 900 से ज्यादा घायल हुए हैं। ईरान के सरकारी अखबार नूर न्यूज ने देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से बताया है कि 13 जून को इजराइली हमले के बाद से ईरान में कम से कम 430 नागरिक मारे गए हैं। 3,500 घायल हुए हैं। अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, ईरान में 657 लोगों की मौत हुई है और 2000 से ज्यादा घायल हैं। मृतकों में सेना के शीर्ष अधिकारी और परमाणु वैज्ञानिक शामिल हैं।







