संभल: इंस्टाग्राम पर अश्लील रील्स बनाने वाली महक, परी, हिना और जर्रार आलम गिरफ्तार
संभल, 15 जुलाई: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अश्लील और गाली-गलौज से भरी रील्स बनाने के आरोप में तीन युवतियों में महक, मेहरुल निशा उर्फ परी, हिना और उनके सहयोगी जर्रार आलम को गिरफ्तार किया है। ये सभी असमोली थाना क्षेत्र के शहवाजपुर गांव और अमरोहा के डिडौली के निवासी हैं। इनके इंस्टाग्राम अकाउंट ‘Mehakpari143’ पर 4 लाख से अधिक फॉलोवर्स हैं, और ये अश्लील इशारों, अभद्र भाषा और गालियों वाले वीडियो अपलोड कर लोकप्रियता और पैसे कमाने की कोशिश कर रहे थे।
स्थानीय लोगों की शिकायतों और सोशल मीडिया पर विरोध के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। असमोली थाने में कांस्टेबल मोहित चौधरी की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(B) और IT एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि ये कंटेंट युवाओं और समाज पर गलत असर डाल रहा था।
आरोपियों से दो महंगे आईफोन सहित चार मोबाइल बरामद किए गए हैं, और उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच साइबर सेल को सौंपी गई है। मेडिकल जांच के बाद चारों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।







