
आगरा 26 अक्टूबर। विवादों के बीच आज गुरुवार को उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगरा स्थित ताजमहल का दीदार किया। वह यहाँ करीब 30 मिनट तक रहे और ताजमहल की खूबसूरती को करीब से देखा। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद विदेशी पर्यटकों संग फोटो भी खिंचवाईं। इन सबके बीच ताजमहल के बाहर ‘योगी-योगी’ के नारे भी लग रहे थे।
झाड़ू भी लगायी
ताजमहल को देखेने के बाद योगी आदित्यनाथ ने सफाई अभियान में भी हिस्सा लिया। उन्होंने ताज के बाहर झाड़ू भी लगाई। उनके साथ डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा भी मौजूद थे। योगी ने यहां पर कई योजनाओं का निरीक्षण किया और रबर बैराज के निर्माण की घोषणा की।

ताजमहल को बनायेगें ‘हेरिटेज जोन’
सीएम योगी ने इससे पहले ऐलान किया था कि ताज के आसपास के इलाके को हेरिटेज जोन में बदला जाएगा। वहीं झाड़ू लगाने के बाद योगी शाहजहां पार्क पहुंचे। यहां उन्होंने शाहजहां पार्क के पुनर्जीविकरण व आगरा किला- ताज महल के मध्य पैदल पथ के विकास योजना का शिलान्यास किया।







