मुंबई, 18 नवंबर 2025: बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री पूनम ढिल्लों, मशहूर कॉमेडियन सुनील पाल और प्रख्यात कथक गुरु वैभव जोशी को आज यहां आयोजित एक भव्य समारोह में ‘नटराज गोपीकृष्ण परंपरा सम्मान 2025’ से नवाजा गया। यह सम्मान भारतीय शास्त्रीय नृत्य और मनोरंजन जगत की समृद्ध परंपरा को समर्पित है।
कार्यक्रम का आयोजन एक्टिनो एंटरटेनमेंट की संस्थापक और प्रोड्यूसर मिस किर्रोन शर्मा ने किया। समारोह में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने तीनों हस्तियों के कला क्षेत्र में अतुलनीय योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की।सम्मान ग्रहण करने के बाद पूनम ढिल्लों ने कहा, “यह सम्मान मेरे लिए बेहद खास है। मैं किर्रोन शर्मा और आयोजकों की आभारी हूं। अपने प्रशंसकों और परिवार को धन्यवाद, जिन्होंने मुझे हमेशा प्रेरित किया।”
कॉमेडियन सुनील पाल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “यह सम्मान मेरे करियर का एक यादगार पल है। दर्शकों का प्यार ही मेरी सबसे बड़ी ताकत रहा है।”कथक गुरु वैभव जोशी ने भावुक होते हुए कहा, “नटराज गोपीकृष्ण परंपरा से जुड़ा यह सम्मान मेरे लिए गर्व की बात है। मैं अपने गुरुओं और शिष्यों का शुक्रगुजार हूं।”
आयोजक किर्रोन शर्मा ने कहा कि यह सम्मान उन कलाकारों को समर्पित है जो भारतीय कला और संस्कृति को जीवंत रखे हुए हैं। समारोह में मौजूद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सभी विजेताओं का स्वागत किया।







