ओरछा गेट के कछियाना मोहल्ले में मिली एंट्री, 2003 में वोट डालने का भी जिक्र
झांसी। चुनाव आयोग की नई मतदाता सूची में एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। ओरछा गेट स्थित कछियाना मोहल्ले की वोटर लिस्ट में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का नाम शामिल पाया गया है।
लिस्ट के अनुसार:
नाम: अमिताभ बच्चन
पिता का नाम: हरिवंश राय बच्चन
पता: कछियाना मोहल्ला, घर नंबर-54
उम्र और अन्य विवरण भी दर्ज हैं
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि मतदाता सूची में दर्ज जानकारी के मुताबिक अमिताभ बच्चन ने साल 2003 में इस पते से वोट भी डाला था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने अमिताभ बच्चन को कभी इस इलाके में नहीं देखा। एक बुजुर्ग निवासी ने कहा, “हम तो उन्हें सिर्फ फिल्मों और टीवी पर देखते हैं, यहां कभी नहीं आए।” एक युवक ने कहा, “अगर बिग बी सच में यहां रहते तो पूरा मोहल्ला पता होता।”
चुनाव विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उनका कहना है कि यह तकनीकी गड़बड़ी या कोई पुराना डुप्लिकेट रिकॉर्ड हो सकता है। जल्द ही इस नाम को सूची से हटाने की प्रक्रिया की जाएगी। फिलहाल यह मामला झांसी में चर्चा का विषय बना हुआ है।






