काशिका कपूर का गाउन, ग्लैमर और ग़ज़ब की नरमी
मुंबई : रविवार सुबह मलाड की सड़कें जब मस्ती के रंग में रंगी थीं, तब मलाड मस्ती 2025 के मंच पर सबसे ज़्यादा नज़रें एक ही शख्स पर टिकी थीं, बॉलीवुड की उभरती स्टार काशिका कपूर पर। काले रंग के हैंड एम्ब्रॉइडर्ड गाउन में चांदी की कढ़ाई लिए काशिका जब स्टेज पर उतरीं तो पूरा माहौल ओल्ड हॉलीवुड की याद दिलाने लगा।

विधायक असलम शेख के नेतृत्व में नौवें साल में कदम रख चुके इस वार्षिक उत्सव में रूही सिंह, श्रेया शर्मा, सना सुल्तान और डांसिंग कॉप अमोल कांबले जैसे सितारे पहले से ही धूम मचा रहे थे, लेकिन काशिका के आते ही स्टेज का तापमान और बढ़ गया। उनके गाउन की हर लहर, हर चमक और फिर क्रीम कलर के नन्हे पप्पीज़ के साथ वो प्यारा सा मोमेंट, सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल हो गया। फैंस लिख रहे हैं, “गाउन भी खूबसूरत, पप्पीज़ भी खूबसूरत, लेकिन काशिका सबसे खूबसूरत।”
आरजे रंगीली रूचि और गायनाकॉलॉजिस्ट डॉ. मुकेश गुप्ता की जोड़ी ने पूरे कार्यक्रम को हंसाते-गवाते संभाला, जबकि मंच पर गाने, डांस और हंसी की बौछार लगातार चलती रही। इस बार आयोजन ने बाढ़ प्रभावित किसानों की मदद का संकल्प भी लिया, जिससे मनोरंजन के साथ संवेदना का रंग भी घुल गया।
किशन जैन (गोल्ड मेडल कंपनी), योगेश लखानी (ब्राइट आउटडोर) और इवेंट मैनेजर महेश राव की मेहनत से मलाड मस्ती एक बार फिर मुंबई की सबसे बड़ी स्ट्रीट कल्चर पार्टी बनकर उभरा।
काशिका कपूर ने कार्यक्रम खत्म होने के बाद कहा, “मलाड मस्ती मेरे लिए सिर्फ इवेंट नहीं, भावना है। यहाँ की ऊर्जा, प्यार और मस्ती हर साल मुझे नई प्रेरणा देती है।”







