मुंबई, 8 दिसंबर: भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह को उस वक्त जोरदार झटका लगा जब रातों-रात उनके फोन पर एक मैसेज चमका “अगर बिग बॉस में शूटिंग की तो जान से मार देंगे!” जी हां, कल रात ही पवन सिंह सलमान खान के विवादित शो बिग बॉस के वीकेंड का वार एपिसोड की शूटिंग करके लौटे थे। घर पहुंचे, आराम करने लगे और तभी व्हॉट्सऐप पर अज्ञात नंबर से यह खौफनाक धमकी आ गई। बस फिर क्या था। पवन ने तुरंत ओशिवारा पुलिस स्टेशन पहुंचकर FIR दर्ज कराई।
सूत्र बता रहे हैं कि धमकी देने वाला शख्स बिग बॉस में पवन की एंट्री से इस कदर खफा था कि उसने साफ-साफ लिखा, “सलमान के शो में कदम रखा तो जिंदा नहीं छोड़ेंगे।”
फिलहाल पवन सिंह अपने मुंबई स्थित घर में हैं, लेकिन घर के बाहर पुलिस का सख्त पहरा लगा दिया गया है। लोकसभा चुनाव के दौरान पवन को मिली Y+ कैटेगरी की सुरक्षा तो खत्म हो चुकी थी, मगर इस नई धमकी के बाद फिर से उनके घर के बाहर गनर तैनात कर दिए गए हैं।
भोजपुरी इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। फिल्म प्रचारक संजय भूषण पाटियाला ने कहा, “यह बहुत गंभीर मामला है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। पवन की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। पुलिस के साथ हम पूरा सहयोग कर रहे हैं।” वहीं मुंबई पुलिस ने कहा, “मामला दर्ज हो चुका है। नंबर ट्रेस किया जा रहा है। बहुत जल्द धमकी देने वाले को सलाखों के पीछे पहुंचाएंगे।”
अब सवाल यह है कि क्या बिग बॉस में पवन सिंह की वाइल्ड कार्ड एंट्री किसी फैन वार का नतीजा है? या इसके पीछे कोई पुराना दुश्मन है? पवन के फैंस सोशल मीडिया पर #WeStandWithPawanSingh ट्रेंड चला रहे हैं और लिख रहे हैं कि “पावर स्टार को कोई हाथ भी नहीं लगा सकता!”
फिलहाल तो पवन सिंह घर में सुरक्षित हैं, लेकिन यह रहस्यमयी धमकी भोजपुरी और बिग बॉस दोनों के गलियारों में चर्चा का विषय बन चुकी है।







