सहारनपुर/देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को करीब 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बने 213 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (6 लेन एक्सप्रेसवे) का उद्घाटन कर दिया। इस आधुनिक एक्सप्रेसवे के चालू होने से दिल्ली से देहरादून का सफर अब महज ढाई घंटे का रह जाएगा, जबकि पहले यह 6 घंटे से ज्यादा का होता था।
एशिया का सबसे लंबा वाइल्डलाइफ कॉरिडोर
एक्सप्रेसवे की सबसे खास बात है 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर, जो एशिया के सबसे लंबे वाइल्डलाइफ कॉरिडोर में शुमार है। पीएम मोदी ने सहारनपुर में इस कॉरिडोर का निरीक्षण भी किया। इस कॉरिडोर से राजाजी नेशनल पार्क क्षेत्र में वन्यजीवों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होगी और इंसान-जानवर टकराव में काफी कमी आएगी।

पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, “उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर बने वाइल्डलाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर को देखने का सुअवसर मिला। इससे वन्यजीवों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होने के साथ ही पर्यटन और व्यापार के लिए भी नए अवसर बनेंगे।”
पर्व-त्योहारों पर सौगात
उद्घाटन के दौरान पीएम मोदी ने देशवासियों को बैसाखी, बिहू और झंडू की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम की यात्रा शुरू होने जा रही है। इस पवित्र समय का कोटि-कोटि आस्थावान श्रद्धालु बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री का सहारनपुर-देहरादून दौरा कई महीनों का पहला प्रमुख कार्यक्रम रहा, जो पूरी तरह रणनीतिक रूप से तैयार किया गया।
यह एक्सप्रेसवे न केवल यात्रा समय कम करेगा, बल्कि उत्तराखंड के पर्यटन, व्यापार और आर्थिक विकास को नई गति भी देगा। प्रगति और प्रकृति का अनोखा सामंजस्य बिठाते हुए यह कॉरिडोर तीन राज्यों (दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड) को बेहतर तरीके से जोड़ेगा।







