देसी कॉमेडी और इमोशनल ड्रामे का तड़का है ‘रजनी की बारात’
मुंबई : देसी माहौल, पारिवारिक ड्रामा, रोमांस और भरपूर कॉमेडी से सजी फिल्म ‘रजनी की बारात’ का ट्रेलर रिलीज होते ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। 2 मिनट 27 सेकंड के इस मजेदार ट्रेलर में बिहार की मिट्टी की खुशबू, रिश्तों की गर्माहट और हल्के-फुल्के हंगामे का ऐसा मेल देखने को मिलता है, जो शुरुआत से आखिर तक दर्शकों को बांधे रखता है। फिल्म में उल्का गुप्ता एक ऐसी लड़की रजनी के किरदार में नजर आ रही हैं, जो अपने प्यार और सपनों के लिए हर चुनौती से भिड़ने को तैयार है।
ट्रेलर की शुरुआत एक दिलचस्प भविष्यवाणी से होती है, जहां पंडित कहता है कि “जन्म पत्री में बारात घर पर आने के योग नहीं है,” और यहीं से शुरू होता है कॉमिक गड़बड़झाले, भावनाओं और पारिवारिक दबावों का सफर। सुनीता राजवार का मेलोड्रामेटिक अंदाज़, ज़रीना वहाब की शानदार स्क्रीन प्रेज़ेंस और अश्वथ भट्ट का रौबदार किरदार ट्रेलर को और दमदार बनाते हैं।
जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, रजनी और रज्जन की प्रेम कहानी कई ट्विस्ट से गुजरती है। ट्रेलर के आखिर में अचानक होने वाली फायरिंग कहानी को रहस्य और रोमांच से भर देती है। एपीफ़ेनी एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन आदित्य अमन ने किया है। ‘रजनी की बारात’ 29 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।







