हरिद्वार-ऋषिकेश (विशेष संवाददाता): जब आस्था और सिनेमा का मिलन होता है, तो परिणाम सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि दिलों को छूने वाला अनुभव बन जाता है। यही हो रहा है फिल्म ‘कृष्णावतारम पार्ट 1 – द हार्ट’ के साथ। फिल्म की टीम हाल ही में गंगा तट पर पहुंची और देश के प्रमुख संतों-महात्माओं के चरणों में पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
संतों की छत्रछाया में फिल्म की टीम
फिल्म के मुख्य अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता, अभिनेत्री संस्कृति जयाना और निर्माता साजन राज कुरुप ने हरिद्वार और ऋषिकेश में आध्यात्मिक यात्रा की। इस दौरान उन्होंने योग गुरु बाबा रामदेव, जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी और परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद सरस्वती से विशेष मुलाकात की।

संतों ने फिल्म की थीम – भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्य और आध्यात्मिकता – की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि बड़े पर्दे पर ऐसे विषयों को सही तरीके से पेश करने की जरूरत है, और इस प्रयास को उन्होंने अपना पूरा आशीर्वाद दिया।
सिद्धार्थ गुप्ता की भावुक वापसी
देहरादून में जन्मे सिद्धार्थ गुप्ता के लिए यह यात्रा बेहद भावनात्मक और यादगार रही। अपनी जन्मभूमि उत्तराखंड लौटकर उन्होंने गंगा स्नान किया, गंगा आरती में हिस्सा लिया और संतों के सान्निध्य में समय बिताया। सिद्धार्थ ने कहा, “उत्तराखंड की यह आध्यात्मिक ऊर्जा हमेशा मुझे खींचती रही है। इस बार गंगा मां के किनारे खड़े होकर फिल्म के संदेश को और गहराई से महसूस हुआ।”
चौथे सप्ताह में भी दर्शकों का प्यार
फिल्म रिलीज को चौथा सप्ताह चल रहा है और दर्शक अभी भी थिएटरों में पहुंचकर इसे भरपूर प्यार दे रहे हैं। निर्माता साजन राज कुरुप का मानना है कि संतों का आशीर्वाद फिल्म की रचनात्मक यात्रा को नई दिशा और शक्ति प्रदान कर रहा है।
टीम ने हरिद्वार और ऋषिकेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी दर्शन किया और फिल्म की निरंतर सफलता तथा दर्शकों की सुख-समृद्धि के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
बता दें कि ‘कृष्णावतारम पार्ट 1 – द हार्ट’ अब मात्र एक फिल्म नहीं रह गई है। यह सनातन संस्कृति, आस्था और आधुनिक मनोरंजन का सुंदर संगम बनकर दर्शकों के दिलों में जगह बना रही है। संतों के आशीर्वाद के साथ यह यात्रा आगे भी जारी रहेगी।







