61 साल में की 14 साल छोटी गौरी से की तीसरी शादी
ओम माथुर
एक्टर आमिर खान ने तीसरी शादी कर ली। शादी उनका व्यक्तिगत मामला है। वो कितनी भी करें,उनकी मर्जी। उनकी तीसरी पत्नी भी पहली दो पत्नियों की तरह हिंदू है। जब आमिर ने अपने साथ में जन्मदिन पर गौरी स्प्रेट के साथ अपने संबंधों का खुलासा किया था, तब अब तक पहली शादी को ही तरस रहे सलमान खान ने कपिल शर्मा के शो में मजाक से कहा था, कि आमिर जब तक शादी को पूरी तरह परफेक्ट नहीं बना लेंगे,तब तक करते रहेंगे।

आमिर खान को फिल्मों में परफेक्शनिस्ट के नाम से जाना जाता है। यानी उनकी फिल्म पूरी तरह से कंपलीट होती है। लगान,तारे ज़मीन पर जैसी कई फिल्में हिंदी सिनेमा के इतिहास में दर्ज हो चुकी है। लेकिन ये तो सलमान से पता चला वो शादियों में भी परफेक्शन ढूंढ रहे हैं। लेकिन सवाल है जब पहली शादी 20 साल की उम्र में और दूसरी शादी 34 साल की उम्र में करने के बाद भी उन्हें परफेक्शन नहीं मिला,तो अब इकसठ साल की उम्र में यानि सीनियर सिटीजन बनने के बाद वो कौनसा परफेक्शन ढूंढना चाहते हैं। जबकि तीसरी शादी की तरह पहली दो शादियां भी प्रेमविवाह ही थी। न जाने ये कैसा प्रेम है जो हर कुछ सालों बाद दूसरी की ओर आकर्षित हो जाता है। पहली पत्नी रीना के साथ 16 साल और दूसरी पत्नी किरण राव के साथ 15 साल गुजारने के बाद भी आमिर खान का दोनों के साथ ना भावनात्मक रिश्ता बना और ना ही पति पत्नी के बीच प्यार, सम्मान और सर्मपण का रिश्ता। एक को तलाक दिया दूसरी से शादी कर ली। दूसरी को तलाक दिया तीसरी से शादी कर ली। अब पता नहीं तीसरी वाली की बारी कब आएगी। रीना को छोड़ दें,तो किरण राव ,आमिर खान से 10 और गौरी 14 साल छोटी है। आखिर उम्र के इतने अंतर में आपसी समझदारी,तारतम्य बनता भी कैसे होगा।
फिल्मी दुनिया में लगता है शादियां अब औपचारिकता बनकर रह गई है। या तो शादियां टूट रही है या फिर शादीशुदा अभिनेता- अभिनेत्रियां एक्स्ट्रा मैरिटल रिलेशन में जी रहे हैं। लिव इन को तो हमारे देश में अब मान्यता मिली है। लेकिन फिल्मी दुनिया में तो दशकों से लिव इन चल रहा है। ऐसे भी कई अभिनेता -अभिनेत्रियां रही हैं, जिन्होंने पूरा जीवन साथ गुजार दिया। लेकिन शादी नहीं की। इसे उनका प्रेम के प्रति समर्पण, त्याग माना जा सकता है। लेकिन अब हालात दूसरे हैं। हीरोइनें अपनी उम्र से कई छोटे हीरो के साथ मटरगश्ती कर रही है,तो कई अधेड़ उम्र के कई हीरो अपनी बेटी की उम्र की अभिनेत्रियों के साथ। विडंबना यह है कि हमारे देश में फिल्मी नायक -नायिकाओं कों को युवा पीढ़ी रोल मॉडल के रूप में देखती है। लेकिन उनका शादियों के प्रति ये नजरिया क्या युवा पीढ़ी के लिए गलत संदेश नहीं है। सबसे चिंताजनक बात ये है कि मीडिया भी इनको बढ़ा-चढ़ाकर बताता है। तीन-तीन शादियों के बाद भी वह आमिर की तारीफ करता है और यह कहता है कि उन्होंने तलाक के बावजूद दोनों पत्नियों को परिवार की तरह रखा है।
आमिर की तीसरी शादी से यह प्रतीत होता है कि सेलिब्रिटीज में इसे अब आसानी से स्वीकार किया जाने लगा है। आम परिवारों में एक बार तलाक होने के बाद पति-पत्नी तो छोड़िए, उनके परिवार के सदस्य भी एक-दूसरे का मुंह देखना पसंद नहीं करते है। साथ ही ये प्रयास किया जाता है कि दूसरे परिवार को समाज में भरपूर बदनाम किया जा सके। लेकिन आमिर खान की शादी में उनकी दोनों पत्नियां रीना और किरण राव सहित दोनों पत्नियों से उनके हुए तीनों बच्चे भी शामिल थे। उनके चेहरों से भी खुशी झलक रही थी और वो अपने पूर्व पति की तीसरी पत्नी का स्वागत कर रही थी। दोनों बेटे जुनैद और आजाद पिता की शादी में मुस्कुराते हुए शामिल थे, तो बेटी ईरा अपने पति के साथ शादी में शरीक हुई थी।
कुछ साल पहले ये सुनने में कितना अजीब लगता कि कोई कहे कि आज मेरे पिता की शादी है या कोई ये कहे कि उसे अपने ससुर की शादी में शरीक होना है। या ये कि आज तो मेरे पति की शादी है। हां, गौरी के भी तो एक बेटा है। उसे भी तो अपनी मम्मी की शादी देखने का मौका मिला। गजब का भाईचारा दिखा आमिर की शादी में। अब ये सब पैसों का खेल भी हो सकता है। क्योंकि आमिर ने अपने दोनों तलाक के बाद ये कहा था कि वो दोस्त रहकर परिवार की तरह ही रहेंगे। आखिर आमिर के पास करीब दो हजार करोड़ की संपत्ति है। फिर उन्होंने दोनों को तलाक देते समय करोड़ों रुपए दिए ही होंगे। वैसे आमिर खान ने पहली शादी 1986 में रीना से की थी। 2002 में उनका तलाक हो गया उनसे जुनैद और बेटी का ईरा है। जबकि किरण राव से दूसरी शादी 2005 में की थी। उससे 2021 में तलाक लिया था।
https://x.com/choga_don/status/2073750229002965348/video/1
एक सवाल ये है कि क्या ये हिंदू संगठनों की नजर में कथित लव जिहाद नहीं है। जो संगठन एक आम मुस्लिम लड़के के हिंदू लड़की से शादी करने पर देश को सिर पर उठा लेते। मांस रिचिंग कर देते हैं। वह आमिर के मामले में खामोश क्यों रहते हैं। क्या अमीर और गरीब के लिए उनका नजरिया भी अलग-अलग है। वैसे अगर आमिर की शादी में आर्थिक ताकत मुकेश अंबानी और राजनीतिक ताकत राज ठाकरे पहुंचे ,तो तो फिर उसका विरोध करें भी कौन? लेकिन भारतीय जनता पार्टी की नेता नाजिया इलाही खान ने आमिर की तीसरी शादी पर सवाल उठाया कि एक्टर की तीनों पत्नियां हिंदू समुदाय से क्यों रही हैं। उन्होंने हर बार हिंदू महिलाओं से शादी की और बाद में उनसे अलग हो गए। उन्होंने ये भी सवाल किया कि यदि एक्टर को हिंदू महिलाओं से ही विवाह करना पसंद है, तो वो खुद हिंदू धर्म क्यों नहीं अपना लेते।
https://x.com/JosD92official/status/2073845941619277835/video/1
वैसे,इस्लामी कानून (शरियत) के अनुसार एक मुस्लिम पुरुष चार शादियां कर सकता है, लेकिन इसके लिए सभी पत्नियों के साथ न्यायपूर्ण और समान व्यवहार करना अनिवार्य है । लेकिन यह अनुमति सिर्फ मुस्लिम महिलाओं के साथ निकाह करने पर ही लागू होती है। यदि कोई मुस्लिम पुरुष किसी हिंदू महिला से शादी करता है, तो उसे ‘स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954’ के तहत पंजीकृत (रजिस्टर्ड) कराना होगा। इस धर्मनिरपेक्ष कानून के अनुसार कोई भी व्यक्ति चाहे वह किसी भी धर्म का हो, एक समय में केवल एक ही जीवित पत्नी रख सकता है। यानि शरियत और भारतीय कानून दोनों के नियमों के कारण एक मुस्लिम पुरुष एक ही समय में चार हिंदू पत्नियां नहीं रख सकता। इसलिए अमीर पहली को छोड़ दूसरी और दूसरी को छोड़ो तीसरी हिंदू से शादी करते है।






