तेहरान : ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई के पुत्र मोजतबा खामेनेई ने इजरायल के खिलाफ लेबनान की हिजबुल्लाह को पूर्ण समर्थन देते हुए कहा है कि “जिहाद और प्रतिरोध ही आखिरी रास्ता है”।
हिजबुल्लाह की सराहना
मोजतबा खामेनेई ने हिजबुल्लाह के लड़ाकों की बहादुरी, धैर्य और बलिदान की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हिजबुल्लाह इजरायल के खिलाफ सबसे आगे की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने इसे इस्लामिक प्रतिरोध आंदोलन की मजबूती बताया।
ईरान की रणनीति स्पष्ट
खामेनेई ने कहा कि लेबनानी इस्लामिक प्रतिरोध समूहों की रक्षा ईरान की राष्ट्रीय नीति का हिस्सा है। उन्होंने हिजबुल्लाह को दुनिया भर के उन देशों के लिए हौसले का संदेश बताया, जो दमन और वैश्विक अहंकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं।
अमेरिका-इजरायल पर हमला
मोजतबा खामेनेई ने अमेरिकी सरकार और इजरायली ताकतों पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब दुनिया दमन और अत्याचार से परेशान है, तब जिहाद और प्रतिरोध के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है।
उन्होंने लेबनान की क्षेत्रीय अखंडता बनाए रखने और इजरायली “आक्रामकता” को पूरी तरह समाप्त करने की बात कही।
बता दें कि सोशल मीडिया पर जारी इस बयान को हिजबुल्लाह और अन्य प्रतिरोधी गुटों के लिए मजबूत समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।







