नई दिल्ली,17 अक्टूबर। नार्थ कोरिया के तानाशाही रवैय्ये से आज पूरी दुनिया पर युद्ध का संकट मंडरा रहा है इसी बीच एक बार फिर से गुआम पर मिसाइल हमले की नार्थ कोरिया की नई धमकी के बीच अमेरिका और दक्षिण कोरिया का 5 दिवसीय नौसेना अभ्यास आज शुरू हो गया। दक्षिण कोरिया की नौसेना के मुताबिक, कोरियाई प्रायद्वीप में शुरू हुए इस अभ्यास में लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर के अलावा 40 नौसेना जहाजों ने हिस्सा लिया है।
इनमें अमेरिकी विमानवाहक युद्धपोत USS रोनाल्ड रीगन भी शामिल है। वैसे तो दक्षिण कोरियाई और अमेरिकी सेना नियमित रूप से साझा अभ्यास करते रहते हैं, मगर नार्थ कोरिया इसके लिए उनकी कड़ी निंदा करता है। वह इसे युद्धाभ्यास के तौर पर देखता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस नौसेना अभ्यास को देखते हुए नार्थ कोरिया की एक और मिसाइल परीक्षण करने की योजना है। वह एक बार फिर अमेरिकी कैरिबियाई क्षेत्र गुआम पर मिसाइल हमले की धमकी दे चुका है। अमेरिकी खुफिया तंत्र को उपग्रह से प्राप्त हुई तस्वीरों से पता लगा है कि प्योंगयांग के नजदीक उत्तर प्योनगान प्रांत में लॉन्चर में फिट बैलेस्टिक मिसाइलों को हैंगर से बाहर लाया गया है।
यह मिसाइल ह्वासोंग-14 अंतर महाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइल हो सकती है, जो अमेरिका के अलास्का तक जा सकती है। इससे पहले, नार्थ कोरिया ने अगस्त में 4 हजार किमी स्थित गुआम तक मार करने वाली बैलेस्टिक मिसाइल ह्वासोंग-12 का परीक्षण किया था।







