लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज राज्य की जनता को आश्वसन दिया कि उनकी सरकार बाढ़ के खतरों को लेकर गंभीर है और सभी संबद्ध विभागों को आवश्यक एहतियाती उपाय करने के निर्देश दिये गये हैं। योगी ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कहा कि गांवों को बाढ़ से बचाने के लिए संबद्ध विभागों को आवश्यक एहतियाती उपाय करने चाहिए। उन्हें इसके लिए धन मुहैया कराया जाएगा। हमारी सरकार इस मुददे पर गंभीर है और प्रभावित लोगों के लिए राहत के उपाय सुनिश्चित करेगी। नेता प्रतिपक्ष राम गोविन्द चौधरी ने बलिया के तीन बाढ़ प्रभावित गांवों का उल्लेख करते हुए कहा था कि अगर त्वरित उपाय नहीं किये गये तो इन गांवों में बाढ़ का पानी भर जाएगा। इसी मुददे पर उन्होंने सरकार से सवाल किया था। कांग्रेस विधायक दल के नेता अजय प्रताप लल्लू ने सरकार से बाढ़ नियंत्रण के लिए किये गये उपायों के बारे में जानना चाहा।बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वाति सिंह ने जवाब में कहा कि राज्य सरकार ने तटबंधों की सुरक्षा के लिए समय पर प्रभावी उपाय किये हैं। अब तक प्रदेश में कहीं से भी बाढ़ की वजह से किसी की जान जाने की खबर नहीं है। लल्लू ने एक अन्य पूरक प्रश्न पूछना चाहा लेकिन अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने इसकी अनुमति नहीं दी तो वह सदन से बाहर चले गये।
Keep Reading
Add A Comment







