15 जून से देशभर के बेरोजगार युवाओं के बीच चलायेंगे हस्ताक्षर अभियान और 1 करोड़ हस्ताक्षर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपेंगे सांसद
पटना, 28 मई। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के चार साल की उपलब्धियों पर मधेपुरा सांसद सह जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय संरक्षक पप्पू यादव ने जमकर हमला बोला। उन्होंने अपने पटना आवास पर आयोजित संवददाता सम्मेलन में कहा कि पिछले चार सालों में देश की सरकार ने लोगों के बीच सिर्फ अविश्वास पैदा किया है और देशवासियों को विकास के बदले मंदिर- मस्जिद, हिंदू- मुसलमान, शमसान-कब्रिस्तान, गाय-गंगा, दीवाली-ईद, डीएनए, जिन्ना, अल्पेश, जिग्नेश, पाटीदार जैसी चीजों में उलझा कर रखा।
उन्होंने कहा कि इन चार सालों में सबसे ज्यादा नाइंसाफी देश के युवाओं और छात्रों के साथ हुई है। आज उनके सामने रोजगार का संकट है, इसलिए हम इस सवाल पर आगामी 15 जून से देशभर के युवाओं के बीच हस्ताक्षर अभियान चलायेंगे और 1 करोड़ हस्ताक्षर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को सौंपेंगे।
श्री यादव ने मोदी सरकार की उपलब्धियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देश में आज एक व्यक्ति की मौत की कीमत चार – पांच लाख है और एक विधायक की कीमत 200 करोड़ रूपए है। उसी तरह देश में पिछले चार सालों में चुनाव का बजट 15000 करोड़ हो गया, जबकि देश के 48 करोड़ लोग पैसे के अभाव में एक समय भूखे सो रहे हैं।
वहीं सर्वे कार्यों में स्कूली शिक्षकों की जगह शिक्षित बेरोजगार युवकों को लगाना चाहिए और हम मांग करते हैं कि देश के युवाओं को 100 दिन के कार्य के अलावा सालाना कम से कम एक लाख की राशि का गारंटी मिले।
संवाददाता सम्मेलन में पार्टी राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एजाज अहमद, राष्ट्रीय महासचिव राघवेंद्र कुशवाहा, प्रेमचंद सिंह, अवधेश लालू, युवा शक्ति लखनऊ के संदीप पांडेय, धीरज पांडेय, गौरव सिंह, धीरू चौधरी, जयप्रकाश नायक उपस्थित रहे।






