- रक्षा बंधन पर पप्पू यादव ने राखी बंधवा कर लिया महिला सुरक्षा का संकल्प
- सैकड़ों महिलाओं ने बांधी सांसद पप्पू यादव की कलाई पर राखी, सांसद ने दिया सुरक्षा का भरोसा
पटना, 26 अगस्त 2018: भाई-बहनों के पावन पर्व रक्षाबंधन पर जन अधिकार पार्टी (लो) द्वारा राजधानी पटना के विद्यापति मार्ग स्थित बिहार पशु चिकित्सा संघ भवन में ‘नारी सम्मान सुरक्षा संकल्प पर्व’ का आयोजन किया गया, जहां सैकड़ों महिलाओं ने पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक सह सांसद पप्पू यादव समेत अन्य नेताओं की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें मिठाईयां खिलाई। इस दौरान सांसद ने उन महिलाओं को भरोसा दिलाया कि वे और उनकी पार्टी हर हाल में प्रदेश की सभी महिलाओं की सुरक्षा के लिए संकल्पित हैं। इसके लिए सांसद ने ‘नारी सम्मान सुरक्षा संकल्प पर्व’ के दौरान मौजूद सभी लोगों को महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा के लिए संकल्प भी दिलाया।
सांसद ने कहा कि ऐसा क्यों है कि हर युग में महिलाओं ही प्रताडि़त होती रही हैं। चाहे वो द्रौपदी का चीरहरण हो, सीता की अग्निपरीक्षा हो। आखिर सावित्री ही सती क्यों होती है? आज भी महिलाओं को दबाया जाता है। ये सब एक मानसिकता की वजह से है, जिसमें महिलाओं को सिर्फ मनोरंजन की वस्तु समझा जाता है। आज इसी मानसिकता को बदलने की जरूरत है। महिलाओं को तुच्छ समझने की सदियों से चली आ रही परंपरा को नष्ट किये बिना महिलाओं का सशक्तिकरण संभव नहीं है। यही वजह है कि आज पार्टी ने रक्षा बंधन के दिन को चुना, जब हम महिलाओं के लिए सकारात्मक बदलाव की शुरूआत किया गया है। पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता व नेता राज्य की महिलाओं के खिलाफ शोषण को बर्दास्त नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि हम महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार से भी मांग करते हैं कि वे कठोर कानून बनायें। साथ ही समाज को अपनी मानसिकता भी बदलनी होगी, क्योंकि पोर्न देखकर महिलाओं की सुरक्षा की बात करना भी छलावा है। इसलिए सरकार को मजबूत फैसला लेते हुए पोर्न साइट को भी बैन करना चाहिए। हम लोगों से अपील करते हैं कि महिलाओं पर गंदी नजर रखने वाले हवसी नेताओं का सामाजिक बहिष्कार हो।







