सपा अध्यक्ष ने भाजपा को बताया संविधान व लोकतंत्र विरोधी
लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता की परेशानियों और दिक्कतों को बढ़ाया है। उसको जनता की तकलीफों की जरा भी परवाह नहीं है। भाजपा सरकार की नीतियां ही सारी समस्याओं की जड़ हैं। भाजपा चकाचौंध की राजनीति से जनता को धोखा दे रही है।
प्रदेश कार्यालय में रविवार को विभिन्न स्थानों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा संविधान और लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। सपा एकजुट होकर पूरी ताकत से संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्षरत है।
उन्होंने चेताया कि भाजपा समाजवादी पार्टी के नेतृत्व को बदनाम करने की रणनीति पर काम कर रही है। सपा के नेताओं पर झूठे मुकदमें लगाए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारियां की जा रही हैं तथा डराने धमकाने की कोशिश की जाती है। भाजपा की चालाकियों से जनता को गुमराह होने से बचाना है। भाजपा जातीय वैमनस्य पैदा करती है। नफरत से समाज को बांटती है। उसकी नीतियां पूंजीपतियों की पोषक है।







