नई दिल्ली, 05 अक्टूबर 2018: एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर को डेंगू हो गया है डॉक्टर ने उन्हें बेड रेस्ट की सलाह दी है। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से श्रद्धा अपनी तबियत खराब होने की शिकायत कर रही थीं। जांच के बाद पता चला कि उन्हें डेंगू है। जल्द ही श्रद्धा वापस शूटिंग पर आएंगी। तब तक डायरेक्टर सायना के बचपन का हिस्सा चाइल्ड आर्टिस्ट के साथ शूट कर रहे हैं। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से सायना नेहवाल की बायोपिक की शूटिंग में बिजी थी, लेकिन हाल ही में उन्होंने शूटिंग रोक दी है।
कुछ दिनों पहले ही इस बायोपिक से श्रद्धा का लुक सामने आया था। इस लुक को देखकर आप भी चौंक जाएंगे क्योंकि इसमें श्रद्धा हुबहू सायना जैसी लग रही हैं। इस फिल्म का निर्देशन अमोल गुप्ते कर रहे हैं और इसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है। श्रद्धा इस फिल्म के लिए बहुत मेहनत कर रही हैं।
श्रद्धा इस रोल को करने के लिए हैवी प्रोटीन डाइट लेंगी और मिठाइयां भी छोड़ देंगी जिससे वह एथलीट की तरह नजर आ सकें। इसके साथ ही श्रद्धा ने साइना के पैरेंट्स से भी मुलाकात की थी। अपने किरदार के बारे में बात करते हुए श्रद्धा ने कहा था, ‘मैंने अब तक बैडमिंटन की 40 क्लास ली है जिसके बाद मुझे पता चला है कि ये बहुत ही मुश्किल खेल है। मैं इसे हालांकि बहुत एंजॉय कर रही हूं। सायना की लाइफ बहुत ही खूबसूरत रही है जिस वजह से मुझे इस फिल्म में काम करने से मजा आ रहा है।







