राष्ट्रीय पुस्तक मेला में नशा उन्मूलन अभियान की शुरुआत
लखनऊ, 2 अक्टूबर: गांधी जयंती और शास्त्री जयंती के अवसर पर विदुषी सीता मिश्रा सेवा न्यास व अन्य कई सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में नशा उन्मूलन अभियान की शुरुआत की गई। अभियान की शुरुआत करते हुए राज्य सूचना आयुक्त डॉ दिलीप अग्निहोत्री ने कहा कि नशे की चपेट में आने के बाद व्यक्ति खुद के साथ-साथ समाज के लिए भी घातक होता है। डॉ अग्निहोत्री ने युवा पीढ़ी के नशे की चपेट में आने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि पौध ही खराब हो जाएगी तो वृक्ष कैसे फलदार होंगे।
इस अवसर पर प्रसिद्ध अर्थशास्त्री प्रोफेसर ए. पी. तिवारी ने इस पहल को सार्थक बताते हुए, घर-परिवार से नशा उन्मूलन की शुरुआत करने की बात कही।
प्रसिद्ध कवि अखिल आनंद ने जन-जागरूकता की सतत आवश्यकता पर बल दिया। पुस्तक मेला के आयोजक मनोज चंदेल ने कहा कि नशा से मुक्ति ही विकसित भारत के लिए बहुत ज़रूरी है।
राष्ट्रीय पुस्तक मेला परिसर में इस अभियान की शुरुआत के दौरान विदुषी सीता मिश्रा सेवा न्यास के ट्रस्टी शरद मिश्र ने बताया कि इस अभियान में पंडित रामदुलारे त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट, आनंद श्री ट्रस्ट सहित कई सामाजिक, सांस्कृतिक संगठन व बुद्धिजीवी विभिन्न जन जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों में, खासकर युवाओं के मध्य नशा उन्मूलन अभियान को ले जाएंगे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कभी नशा न करने और किसी को न करने देने की शपथ ली।