बसपा प्रमुख मायावती पर फिल्म अभिनेता रणदीप हुड्डा तथा अभिनेत्री रवीना टंडन द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी के मसले पर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया ने कहा कार्रवाई हो तत्काल
(आरपीआई) के अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री रामदास आठवले ने बसपा प्रमुख मायावती पर फिल्म अभिनेता रणदीप हुड्डा तथा अभिनेत्री रवीना टंडन द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी के मसले पर तीखा रोष व आक्रोश व्यक्त किया है। आठवले के मुताबिक हुड्डा की अभद्र टिप्पणी ना सिर्फ समूचे दलित समाज के खिलाफ है बल्कि यह तमाम महिलाओं को भी अपमानित करने वाला है।
आठवले की मानें तो फिल्म अभिनेता रणदीप हुड्डा ने जो बसपा प्रमुख पर टिप्पड़ी कि है वह सीधे तौर पर एससी-एसटी एक्ट के उल्लंघन का मामला है लिहाजा उस पर मुकदमा पंजीकृत करके यथाशीघ्र गिरफ्तार किया जाना और उसे इस हिमाकत के लिए सख्त सबक सिखाना बेहद जरूरी है।
उन्होंने बेहद आक्रोशित लहजे में कहा है कि बहन मायावती के खिलाफ हुड्डा ने जो अमर्यादित व अभद्र टिप्पणी की उस पर पूरी दुनिया थूक रही है और लोग उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को भी सलाह दी है कि इस दलित व महिला विरोधी अभिनेता को सिनेमा में काम करने का मौका नहीं दिया जाए और इसका हर स्तर पर पूरी तरह बहिष्कार किया जाए।
दरअसल पूरा विवाद हुड्डा का एक वीडियो वायरल होने के बाद खड़ा हुआ है जिसमें वह मायावती नाम का प्रयोग करते हुए एक आपत्तिजनक चुटकुला सुनाते हुए देखे गए हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया से लेकर समाज के सभी वर्गों में लगातार आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है और उनकी गिरफ्तारी की मांग भी लगातार जोर पकड़ रही है।
यहां तक कि इस वीडियो के वायरल होने के बाद हुड्डा को संयुक्त राष्ट्र की जंगली जानवरों की प्रवासी प्रजातियों के संरक्षण संबंधी संधि (सीएमएस) के राजदूत के पद से भी हटा दिया गया है।
बता दें कि हुड्डा को पिछले ही साल फरवरी महीने में तीन साल के लिए सीएमएम का राजदूत बनाया गया था। हालांकि 43 सेकेंड के जिस वीडियो में मायावती का नाम लेकर हुड्डा अभद्र व अमर्यादित टिप्पणी करते हुए दिखाई पड़ रहे हैं वह वर्ष 2012 का बताया जा रहा है जिसे एक मीडिया समूह द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान फिल्माया गया था। लेकिन इन दिनों अचानक सोशल मीडिया पर इसके वायरल हो जाने के बाद भारी बखेड़ा खड़ा हो गया है।
इसी तरह फिल्म अभिनेत्री रवीना टंडन ने भी बसपा प्रमुख का मज़ाक उड़ाया था जिसे बसपा समर्थकों ने उन्हें जबरदस्त ट्रोल किया और माफ़ी मांगने को कहा। उन्होंने ट्विटर अकॉउंट पर लिखा कि आई लिखे दिस वन इंडिया पाक क्रिकेट मैच – जीते तो हिना रब्बानी हमारी, हारे तो मायावती तुम्हारी ! इस ट्वीट पर बसपा समर्थक भड़क उठे और उन्होंने रवीना टंडन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।







