बैंकों ने महंगा किया ऑटो और होम लोन
नई दिल्ली, 06 सितम्बर 2018: सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक आफ बड़ौदा (बॉब) ने विभिन्न परिपक्वता अवधि की कोष की सीमांत लागत आधारित ऋण दर (एमसीएलआर) में 0.05 फीसदी की वृद्धि की है। एक दिन पहले भारतीय स्टेट बैंक ने दरों में बढ़ोतरी की थी। एमसीएलआर में वृद्धि से होम, ऑटो तथा अन्य लोन महंगे होंगे। यह वृद्धि सात सितंबर से लागू होगी। बॉब ने बयान में कहा कि सभी परिपक्वता अवधि की एमसीएलआर में 0.05 फीसदी की वृद्धि की गई है।
एक साल की एमसीएलआर को 8.50 से बढ़ाकर 8.55 फीसदी किया गया है। छह और तीन महीने की एमसीएलआर पर अब ऋण दर क्रमश: 8.40 और 8.20 फीसदी होगी। एक दिन एमसीएलआर को बढ़ाकर 8.05 फीसदी तथा एक महीने की एमसीएलआर को 8.10 फीसदी किया गया है।
पिछले सप्ताह एसबीआई ने तीन साल की परिपक्वता अवधि की सभी ऋण दरों में 0.20 फीसदी की वृद्धि की थी। इसी तरह निजी क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक ने एक साल की एमसीएलआर को 0.15 फीसदी बढ़ाकर 8.55 फीसदी किया था।







