सऊदी अरब द्वारा कच्चे तेल की सप्लाई बढ़ाये जाने से गिर रहे हैं लगातार दाम
नई दिल्ली, 25 अक्टूबर 2018: जानकारों का मानना है कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में गिरावट आने के बाद भारत में भी तेल की कीमतों में अच्छी खासी कमी आ सकती है फिलहाल, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल सस्ता हो जाने और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आयी मज़बूती के कारण एक हफ्ते से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में गिरावट जारी है। जानकारों के अनुसार अगले एक माह में पेट्रोल 7 रुपये तक सस्ता हो सकता है। जानकार मान रहे है कि देश में पेट्रोल 5 से 7 रुपये तक सस्ता हो सकता है।
मालूम हो कि दिल्ली में पिछले सात दिन में पेट्रोल के भाव 82.83 रुपये प्रति लीटर से गिरकर 81.25 रुपये प्रति लीटर पर आ गये है। केडिया कमोडिटा के एमडी अजय केडिया के अनुसार सऊदी अरब द्वारा कच्चे तेल की सप्लाई बढ़ाये जाने से दाम लगातार गिर रहे है।
बता दें कि तीन अक्टूबर को कच्चा तेल अपने इस साल के ऊपरी स्तर 86.74 डॉलर प्रति बैरल पर था। वहीं, अब 13 फीसदी गिरकर कीमतें 76 डॉलर प्रति बैरल आ गयी है। जानकारों का मानना है कि कच्चा तेल यहां 70 डॉलर प्रति बैरल तक आ सकता है।







