भारत युवा देश है और नौकरी पैदा करना यहां एक अवसर भी है और चुनौती भी: नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली, 04 नवम्बर। पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीय केंद्र में एक कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने इस कार्यक्रम में इज ऑफ डूइंग बिजनेस के बारे में खुलकर बात की और विरोधियों पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने संबोधित करते हुए कहा कि इस समय पूरे देश में उत्सव का माहौल है।
अब आगे ही बढ़ेगा भारत
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत उस पोजिशन पर पहुंच गया है, जहां से वह अब आगे ही बढ़ेगा। उनके प्रयासों को अब गति मिलनी शुरू हो गई है। पीएम मोदी ने बताया कि हालांकि इज ऑफ डूइंग रिपोर्ट में जीएसटी के निर्णय को शामिल नहीं किया गया है। जबकि जीएसटी के साथ हम एक नए मॉर्डन टैक्स पॉलिसी की ओर आगे बढ़ रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत युवा देश है और नौकरी पैदा करना यहां एक अवसर भी है और चुनौती भी।
वर्ल्ड बैंक को धन्यवाद दिया
प्रवासी भारतीय केंद्र में इंडिया बिजनेस रिफॉर्म पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस मौके पर पीएम मोदी ने वर्ल्ड बैंक को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड बैंक ने भारत के आर्थिक क्षेत्रों में किए गए सुधारों को सराहा। उन्होंने कहा पहले भारत में बिजनेस करना इतना आसान नहीं था।
कुछ लोगों को भारत की बिजनेस रैकिंग 142 से 100 होने की बात समझ नहीं आती है
पीएम नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम में विरोधियों पर हमला बोला। अभी-अभी खबर मिली है कि पीएम मोदी इंडिया बिजनेस रिफॉर्म के मेक इन इंडिया सेशन को संबोधित कर रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस दौरान विपक्ष पर वार करते हुए कहा कि कुछ लोगों को भारत की बिजनेस रैकिंग 142 से 100 होने की बात समझ नहीं आती है। उनको फर्क नहीं पड़ता है। पीएम मोदी ने कहा कि यह तब है जब कुछ लोग वर्ल्ड बैंक में रह चुके हैं। वही लोग आज भारत की रैंकिंग पर सवाल उठा रहे हैं। राहुल गांधी ने इज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग पर सवाल उठाए थे।
सौ करोड़ लोग और उनके जीवन में बदलाव लाना: यही काम
देश में हो रहे आर्थिक सुधारों पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि ”और क्या काम है मेरे पास, बस एक ही काम है कि यह देश, मेरे देश की सेवा। सौ करोड़ लोग और उनके जीवन में बदलाव लाना.” पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर तंज कसते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि ”मैं वैसा पीएम हूं जिसने वर्ल्ड बैंक की बिल्डिंग भी नहीं देखी और जबकि पहले वर्ल्ड बैंक चलाने वाले लोग यहां बैठा करते थे.” पीएम मोदी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष को कुछ करना है नहीं और जो हो रहा है उस पर सवाल उठाना है।







