31,700 करोड़ रुपये में डील हुई पक्की
विशेषयज्ञ इसे देश के कंज्यूमर गुड्स बाजार का सबसे बड़ा सौदा मान रहे है। इक्विटी आधार के इस विलय सौदे में जीएसकेसीएच के प्रत्येक शेयर के लिए एचयूएल को अपने 4.39 शेयर देने होंगे
मुंबई, 04 दिसम्बर 2018: खबर है कि ब्रांड हॉर्लिक्स 31,700 करोड़ रुपये में बिक गया है मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एचयूएल (हिंदुस्तान युनिलिवर लिमिटेड) ने सोमवार को कहा कि उसके बोर्ड ने ग्लेक्सोस्मिथलाइन कंज्यूमर हेल्थकेयर (जीएसकेसीएच इंडिया) के इक्विटी आधार पर विलय की मंजूरी दे दी है।
सूत्रों द्वारा बताया जाता है कि इस सौदे की कीमत 31,700 करोड़ रुपये है। बताया गया है कि इस सौदे से एचयूएल को आय व लाभ दोनों मामलों में अपने कारोबार की वृद्धि दोहरे अंकों में पहुंचने की उम्मीद है। इसे देश के कंज्यूमर गुड्स बाजार का सबसे बड़ा सौदा कहा जा रहा है। इक्विटी आधार के इस विलय सौदे में जीएसकेसीएच के प्रत्येक शेयर के लिए एचयूएल को अपने 4.39 शेयर देने होंगे।
बता दें कि जीएसकेसीएच हॉर्लिक्स जैसे लोकप्रिय ब्रांड समेत कई उपभोक्ता स्वास्थ्य संबंधी उत्पादों की बिक्री करती है। इस सौदे में जीएसकेसीएच का भारत, बांग्लादेश समेत 20 एशियाई बाजारों का पोर्टफोलियो शामिल है। इस सौदे के बाद यूनिलिवर्स की एचयूएल में हिस्सेदारी 67.2 फीसदी से घटकर 61.9 फीसदी हो जायेगी।
सबसे बड़ी कंपनियों में से एक बन जायेंगे: सीएमडी संजीव मेहता
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी ने एक बयान में कहा कि जीएसकेसीएच के साथ एचयूएल इस मुद्दे पर एक निर्धारित समझौते पर पहुंच गयी है। इस संबंध में एचयूएल के सीएमडी संजीव मेहता ने कहा कि जीएसकेसीएच इंडिया के साथ प्रस्तावित रणनीतिक विलय के साथ ही हम अपना पोर्टफोलियो नये वर्ग के बड़े ब्रांड में बढ़ायेंगे, जिससे हम अपने ग्राहकों की पोषण से संबंधी मांगों को पूरा कर सकें। उन्होंने कहा कि अधिग्रहण के बाद हमारा फूड एवं रीफ्रेशमेंट (एफएंडआर) कारोबार बढ़कर 10 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच जायेगा। साथ ही हम देश में एफएंडआर क्षेत्र की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक बन जायेंगे।







