मुंबई, 16 जून। बाजारों के मिले-जुले संकेतों के बीच घरेलू निवेशकों की जारी खरीद से शुरुआती कारोबार में शुक्रवार को सेंसेक्स 66 अंक मजबूत होकर 35,666.07 अंक पर पहुंच गया। मुंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 66.25 अंक यानी 0.18 प्रतिशत मजबूत होकर 35,666.07 अंक पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी दिवस यह 139.04 अंक लुढ़का था। बीएसई के समूहों में चिकित्सा, सूचना प्रौद्योगिकी, प्रौद्योगिकी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रियल्टी, धातु और बैंकिंग समूहों के शेयरों में 0.96 प्रतिशत तक की तेजी रही।
निफ्टी 10,823.80 अंक पर रहा: इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 15.75 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की तेजी के साथ शुरुआती कारोबार में 10,823.80 अंक पर रहा। कारोबारियों ने कहा कि घरेलू संस्थागत निवेशकों की सतत खरीद तथा खुदरा निवेशकों की छिटपुट खरीद से बाजार की धारणा को बल मिला है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने कल 576.19 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की जबकि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक 1,372.84 करेाड़ रुपये के शुद्ध बिकवाल रहे।
रुपया 36 पैसे गिरा: विदेशी पूंजी की सतत निकासी के बीच डॉलर की मजबूत मांग से अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार मे शुरुआती कारोबार में रुपया 36 पैसे लुढ़ककर तीन सप्ताह के निचले स्तर 67.98 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया। कारोबारियों ने बताया कि यूरोपीय केंद्रीय बैंक द्वारा 2019 के मध्य तक ब्याज दर अपरिवर्तित रखने के निर्णय से विदेशी बाजारों में डॉलर अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में मजबूत हुआ। रुपये पर इसका भी दबाव देखा गया। शेयर बाजारों के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने कल 1,372.84 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की. पिछले कारोबारी दिवस रुपया तीन पैसे मजबूत होकर 67.62 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।







