लखनऊ, 21 फरवरी, 2021: वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर को भारतीय भाषाओं के प्रोत्साहन के लिए सूबे के शासन ने जौनपुर विश्वविद्यालय को एक सौगात दी। विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग में सेंटर आफ एक्सीलेंस अनुवाद स्थापित किया जा रहा है। जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डा. मनोज मिश्र को शासन ने सेंटर आफ एक्सीलेंस का समन्वयक बनाया है।।
कुलपति निर्मला एस मौर्य ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन की मंशा अनुसार यह केंद्र राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के अनुरूप भारतीय भाषाओं के प्रोत्साहन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भारतीय भाषाओं के लेखकों की कृतियों का अन्य भाषाओं में अनुवाद करेगा। इससे साहित्य व लोक संस्कृति को वैश्विक पटल पर बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह केंद्र अनुवाद के क्षेत्र में देश के लिए महत्वपूर्ण सहयोग करेगा। यह केंद्र अनेक बहुभाषी भाषा के विशेषज्ञ एवं अनुवाद व व्याख्या के विशेषज्ञों के परामर्श व सहायता से सभी भारतीय भाषाओं को प्रचारित व प्रसारित करने में मदद करेगा।
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा विश्वविद्यालय में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस अनुवाद स्थापित किए जाने से परिसर में खुशी का माहौल है। विश्व विद्यालय के समस्त अध्यापकों ने डॉ मनोज मिश्रा को इस सेंटर का समन्वयक बनाए जाने पर उन्हें बधाई दी है।