लखनऊ, 24 जून : लखनऊ में आज बादल – बदली के बीच मौसम बदला और फिर दिन में झमाझम बादल बरस पड़े। गर्मी से परेशान लोग बारिश में खूब भीगें। इस बीच अब एक बड़ी खबर यह है कि यूपी समेत उत्तर भारत के राज्यों में मॉनसून की एंट्री बस होने वाली है। यूपी में दो-तीन दिनों में मॉनसून दस्तक देगा, जबकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस महीने के आखिरी तक मॉनसून के आने की संभावना है। उधर, कई राज्यों में पहले पहुंच चुके मॉनसून की वजह से झमाझम बारिश हो रही है। अगले पांच दिनों तक कई राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
वहीं बात करे उत्तर प्रदेश की तो यहाँ 25-27 जून तक झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो हरियाणा, पश्चिमी राजस्थान, गुजरात में अधिकतम तापमान 40-41 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया, वहीं, पंजाब, उत्तरी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और दक्षिणी उत्तर प्रदेश व पश्चिमी झारखंड में 38-40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।






