नोएडा, 16 जुलाई 2018: बाइक हटाने की मामूली बात पर भाजपा नेता के भाई ने सुरक्षा अधिकारी को गोली मार दी। नोएडा फेज-3 कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी चौखंडी में एक भाजपा नेता के भाई ने महज निजी सिक्योरिटी कंपनी के सुरक्षा अधिकारी को केवल इस बात पर गोली मारने दी कि उसने बाइक रास्ते से हटाने में देरी कर दी। घायल को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पीड़ित ने फेज-3 कोतवाली में केस दर्ज कराया है।
गढ़ी चौखंडी गांव में एक निजी कंपनी का सिक्योरिटी फील्ड ऑफिसर नवनीत किराये पर रहता है। शनिवार को वह ड्यूटी से घर देरी से गया था और वापस कंपनी जाने के लिए उसने बाइक को घर के अंदर खड़ा करने की बजाय बाहर रास्ते में ही खड़ा कर दिया था। देर रात को ही गढ़ी चौखंडी निवासी राहुल यादव कार से घर जा रहा था। रास्ते में बाइक को हटाने के लिए उसने लगातार हॉर्न बजाया, जिससे नवनीत घर से बाहर आ गया। आरोप है कि नवनीत बाइक हटाने लगा, तो राहुल ने गाली-गलौच करनी शुरू कर दी। पीड़ित ने विरोध किया तो राहुल ने उस पर फायरिंग कर दी। उसके हाथ में गोली लगी। पीड़ित के साथियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, हालांकि अब उसकी हालत ठीक है। राहुल एक भाजपा नेता का भाई है और घटना के बाद मामले को दबाने का काफी प्रयास किया गया, मगर पीड़ित और पुलिस इसके लिए कतई तैयार नहीं हुए और केस दर्ज किया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह का कहना है कि गढ़ी चौखंडी निवासी राहुल यादव पर सुरक्षा अधिकारी को घायल करने का मामला दर्ज कराया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। यह जांच का विषय है कि राहुल के पास स्वयं का लाइसेंसी हथियार है या गैर-लाइसेंसी। अगर उसका या किसी पारिवारिक का लाइसेंसी हथियार हुआ, तो उसे निरस्त कराने की भी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।






