डीआईजी इलाहाबाद ने पूरी जेल खंगाली, बंदियों व अफसरों से की पूछताछ
हमीरपुर, 13 जून । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिला जेल में बार बालाओं के डांस कराने और जेल अधीक्षक के चेम्बर में पांच बंदियों की बेल्ट से पिटाई करने के मामले में मंगलवार को डीआईजी जेल इलाहाबाद बीआर वर्मा ने आकर जांच शुरू कर दी है। जेल की सभी बैरकों में जाकर एक-एक बंदियों से डीआईजी ने घटना के बारे में जानकारी की और पीड़ित बंदियों के बयान भी दर्ज किये हैं। जांच पड़ताल शुरू होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। जिला जेल में बार बालाओं के डांस कराने और जेल अधीक्षक हरी बख्श सिंह के चेम्बर में पांच कैदियों की बेल्ट से बेरहमी से पिटाई करने के मामले का वीडियो सोमवार को वायरल हुआ था।
इस मामले का संज्ञान लेने के बाद डीआईजी इलाहाबाद बीआर वर्मा ने मंगलवार को हमीरपुर आकर जेल में पूरे दिन घटना की जांच पड़ताल की। जेल के सभी बंदियों से पूछताछ के साथ ही पीड़ित बंदियों के भी डीआईजी ने बयान लिये है। उन्होंने जेल अधीक्षक व अन्य स्टाफ से भी वायरल वीडियो के बारे में पूछताछ की है। कार्यवाही के डर से जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।
जांच में नहीं बख्शें जायेंगे दोषीः डीआईजी
डीआईजी जेल इलाहाबाद बीआर वर्मा ने मंगलवार को शाम बताया कि जेल के अंदर बार बालाओं के डांस कराये जाने के मामले में जांच में यह बात सामने आयी है कि इस साल 26 जनवरी को जेल में सांस्कृतिक कार्यक्रम व कवि सम्मेलन कराया गया था, जिसमें कुछ पुरुष बंदियों ने महिलाओं की साड़ी पहनकर कार्यक्रम प्रस्तुत किये थे।
उन्होंने बताया कि जेल अधीक्षक के चेम्बर में बंदियों को बेल्ट (पट्टा) से पीटने के मामले में पीड़ित कुछ बंदियों के बयान रिकार्ड किये गये हैं। कई बंदियों ने शिकायत भी की है कि उनका इलाज नहीं कराया जा रहा है। इस मामले की भी जांच की जा रही है। जेल में बंदी रक्षक सोलंकी के आत्महत्या करने के प्रयास के मामले में डीआईजी ने बताया कि अभी इस प्रकरण की भी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट देर शाम तक तैयार कर इसे शासन को भेजी जायेगी।






