अश्लील मैसेज भेजने का लगा आरोप
नई दिल्ली, 05 अक्टूबर 2018: कॉमेडियन उत्सव चक्रवर्ती पर महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। शिकायत में कहा गया है कि उत्सव उन्हें अश्लील मैसेज और तस्वीरें भेजते थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि उत्सव एआईबी के कई वीडियो में नजर आ चुके हैं। मुंबई की एक राइटर-कॉमेडियन ने यह खुलासा किया है। ट्विटर थ्रेड के जरिए राइटर ने बताया कि कई सारी लड़कियों ने एक जैसी कहानी बताते हुए कहा कि उत्सव सोशल मीडिया पर उन्हें भद्दे मैसेज और अश्लील तस्वीरें भेजता है।
उनकी न्यूड तस्वीरें भी मांगता था। मुंबई पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। उत्सव ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने ट्वीट किया जिन्हें भी मैं जानता था सभी मेरे खिलाफ हो गए हैं। इसके लिए मैं उन्हें दोष नहीं दूंगा। लेकिन कहानी जो बताई जा रही है, उससे जटिल है। इसमें धैर्य रखने की जरूरत है। सच यह है कि मैंने कभी कोई अश्लील तस्वीर नहीं भेजी।
दूसरी तरफ एआईबी ने उत्सव की निंदा की है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि हम उत्सव के इस व्यवहार की निंदा करते हैं। हमने अपने यहां महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल निर्मित किया है। एआईबी के इस कहानी का हिस्सा होने के लिए हमें खेद है। जांच खत्म होने तक हम उन सभी वीडियोज को हटा रहे हैं, जो उत्सव के साथ किए गए हैं। उत्सव के इस व्यवहार के खिलाफ कई कॉमेडियन ने मोर्चा खोला है। इनमें वरूण ग्रोवर, कनीज सुर्का, अदिति मित्तल शामिल हैं।







