लखनऊ, 09 जून 2020: कोरोना महामारी में भी कांग्रेस और भाजपा के बीच चल रहे आरोप-प्रत्यारोप को बसपा प्रमुख मायावती ने घिनौनी राजनीति करार दिया है। उन्होंने कहा है कि चीन के साथ सीमा विवाद को लेकर भी इनमें आरोप-प्रत्यारोप देशहित में उचित नहीं है।
बसपा प्रमुख मायावती ने मंगलवार को ट्वीट किया “यह बड़े दुर्भाग्य की बात है कि कोरोना महामारी के चलते जब देश की जनता में त्राहि-त्राहि मची हुई है। तब भी खासकर बीजेपी व कांग्रेस इसकी आड़ में घिनौनी राजनीति कर रहीं हैं तथा अब चीन के साथ सीमा विवाद को लेकर भी इनमें आरोप-प्रत्यारोप जारी है, जो देशहित में उचित नहीं है।
दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा “चीन के साथ ही दूसरे पड़ोसी देश नेपाल के साथ भी सीमा विवाद अब काफी गंभीर रूप धारण करता जा रहा है। ऐसे में देश की सभी राजीतिक पार्टियों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देशहित में ही सोचना चाहिए। साथ ही, ऐसे मामलों में यदि केन्द्र सरकार सबको विश्वास में लेकर चले तो यह बेहतर होगा।”







