कम खर्च, ज्यादा सुरक्षा: महिलाओं के लिए नई डिजिटल पहल
मुंबई: भारत में महिलाओं को गर्भाशय मुख के कैंसर से बचाने के लिए एक क्रांतिकारी डिजिटल टीकाकरण सेवा शुरू होने जा रही है। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और विदाल हेल्थ (बजाज फिनसर्व का हिस्सा) की साझेदारी से 1 अक्टूबर 2025 से यह सेवा देशभर में उपलब्ध होगी। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म एचपीवी वैक्सीन से जुड़ी सभी सेवाओं को पूरी तरह कैशलेस और कागज रहित बनाएगा।

इस प्लेटफॉर्म पर मरीज अपॉइंटमेंट बुकिंग, सहमति पत्र भरने, वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र प्राप्त करने जैसी सुविधाओं का लाभ ऑनलाइन ले सकेंगे। इसके अलावा, वैक्सीन की खुराक के लिए रिमाइंडर सेवा उपचार की निरंतरता सुनिश्चित करेगी।बजाज फिनसर्व के चेयरमैन संजीव बजाज ने कहा, “यह पहल निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाएगी और लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेगी।”
वहीं, सीरम इंस्टीट्यूट के सीईओ आदर पूनावाला ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय मुख के कैंसर से बचाव का महत्वपूर्ण साधन है, और इस डिजिटल पहल का लक्ष्य इसकी पहुंच और जागरूकता बढ़ाना है। विदाल हेल्थ की कार्यकारी निदेशक नीथा उत्तय्या ने कहा कि यह कदम अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत और चिकित्सा खर्चों को कम करेगा।





