- भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन किया जायेगा
- वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और छात्रों सहित 20,000 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे
जालंधर, 20 दिसम्बर, 2018: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में इस बार ‘106वाँ इंडियन साइंस कांग्रेस’ आयोजित किया जायेगा। इस इवेंट का आयोजन जालंधर के फगवाड़ा स्थित एलपीयू कैम्पस में 3 जनवरी से 7 जनवरी तक होगा। चार दिनों तक चलने वाले इस मेगा इवेंट का उद्घाटन भारत के माननीय प्रधानमंत्री, नरेंद्र मोदी द्वारा किया जायेगा, जहाँ वो 30,000 वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और छात्रों को संबोधित करेंगे। इंडियन साइंस कांग्रेस एसोसिएशन (आईएससीए) द्वारा आयोजित किया जाने वाला इंडियन साइंस कांग्रेस एक वार्षिक सम्मेलन है। इस सम्मेलन का उद्देश्य वैज्ञानिक नवोन्मेष एवं शोध पर चर्चा करने के लिए दुनिया भर के वैज्ञानिक समुदाय को एक साथ लाना है।
बता दें कि इस वर्ष, एलपीयू और आईएससीए की योजना इस विशाल कार्यक्रम को और अधिक भव्य बनाने की है। इंडियन साइंस कांग्रेस 2019 में जर्मनी, हंगरी, इंग्लैंड व अन्य देशों के छः नोबेल-विजेता भाग लेंगे और इस प्रकार, यह भारत में इस तरह का सबसे बड़ा सम्मेलन होगा।
इसके अलावा, केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री, श्री हर्षवर्द्धन और टेक्सटाइल मंत्री, श्रीमती स्मृति ईरानी सहित कई कैबिनेट मंत्री भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसरो, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, यूजीसी और एआईसीटीई के वैज्ञानिक भी इसमें हिस्सा लेंगे। 106वें साइंस कांग्रेस का थीम ‘फ्युचर इंडिया:साइंस ऐंड टेक्नोलॉजी’ है और इसमें 40 देशों के 3000 मशहूर वैज्ञानिकों व शोधकर्ताओं एवं छात्रों सहित 20,000 प्रतिनिधि आएंगे।
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर, श्री अशोक मित्तल ने कहा, “लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी को गर्व है कि वो देश की पहली ऐसी प्राइवेट यूनिवर्सिटी है जिसे इंडियन साइंस कांग्रेस की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है। हम अपने परिसर में माननीय प्रधानमंत्री और वैश्विक एवं राष्ट्रीय वैज्ञानिक समुदाय के लीडर्स का स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं। मुझे विश्वास है कि साइंस कांग्रेस का यह संस्करण भारत में वैज्ञानिक परिचर्चा हेतु नये मानक कायम करेगा।”







