सी.एम.एस. गोमती नगर ऑडिटोरियम में ‘विश्व एकता सत्संग’
लखनऊ, 02 जून 2019: सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर ऑडिटोरियम में आयोजित ‘विश्व-एकता सत्संग’ में बोलते हुए सी.एम.एस. की संस्थापिका डा. भारती गाँधी ने कहा कि शिक्षा का लक्ष्य अज्ञानता को खत्म करना है और इसी कड़ी में हमारा प्रयास है कि शिक्षा के द्वारा बच्चों के मन से अज्ञानता का अंधेरा दूर करके विश्व में एकता व शान्ति की स्थापना प्रतिष्ठापित की जाए।
डा. गाँधी ने कहा कि शिक्षा के दो महान उद्देश्य हैं – पहला, मनुष्यों को अज्ञानता के अन्ध्कार से मुक्त करना तथा समझदारी के प्रकाश की ओर उनका मार्गदर्शन करना। दूसरा, पूरी मानवजाति के बीच शांति व सुव्यवस्था स्थापित करना। बहाई धर्म के संस्थापक बहाउल्लाह ने कहा है कि मृत्यु का आगमन अघोषित होगा। अतः हमें प्रतिदिन अपने कर्मों का निरीक्षण करना चाहिए। किसी के प्रति मन, वचन या कर्म से हिंसा नहीं करनी चाहिए।
योग प्रदर्शन के लिए अमेरिका जायेगा 74सदस्यीय छात्र दल
लखनऊ, 02 जून 2019: सिटी मोन्टेसरी स्कूल का 74 सदस्यीय छात्र दल आगामी 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर न्यूयार्क स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में आयोजित योग शिविर में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। इस अवसर पर संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव श्री एंटोनियो गुटेरेस भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी ने बताया कि सी.एम.एस. छात्र दल 12 जून को अमेरिका के लिए रवाना होगा एवं 21 जून को संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में योग प्रदर्शन के उपरान्त स्वदेश लौटेगा।
सी.एम.एस. के इस 74 सदस्यीय छात्र दल में सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस), सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस), सी.एम.एस. अलीगंज (प्रथम कैम्पस), सी.एम एस. महानगर कैम्पस एवं सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस के छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
श्री शर्मा ने बताया कि अमेरिका की इस शैक्षिक यात्रा के दौरान सी.एम.एस. छात्र दल संयुक्त राष्ट्र संघ में योग प्रदर्शन के अलावा अमेरिका के विभिन्न दर्शनीय स्थलों व ऐतिहासिक स्मारकों को देखने जायेगा जिनमें व्हाइट हाउस, रेडक्रास मुख्यालय, वाशिंगटन डीसी, जॉन एफ कैनेडी स्पेस सेन्टर आदि प्रमुख हैं।






