शिक्षकों का हुआ भव्य सम्मान, शिक्षकों ने निकाला विशाल ‘चरित्र निर्माण मार्च’
लखनऊ, 10 मईः शिक्षकों के सम्मान में ‘शिक्षक धन्यवाद समारोह’ का आयोजन सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ। इस समारोह में सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी व डा. (श्रीमती) भारती गाँधी ने विद्यालय के कर्तव्यपरायण शिक्षकों के प्रति हार्दिक धन्यवाद किया एवं देश-विदेश में सी.एम.एस. का गौरव बढ़ाने वाले छात्रों, शिक्षकों व उनके माता-पिता को सम्मानित किया।
समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथि के रूप में इण्डिया टुडे मैगजीन के एडीटर (रिसर्च), अजीत कुमार झा द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। इस अवसर पर सी.एम.एस. छात्रों द्वारा एकत्रित की गई 4,50,000/- रूपये की धनराशि स्पार्क इण्डिया को दिव्यांगजनों के सहायतार्थ एवं पशुओं के पुनर्वास हेतु दान स्वरूप भेंट की गई।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि सी.एम.एस. सही मायनों में भावी पीढ़ी को जीवन निर्माण की शिक्षा दे रहा हैं, जिसके लिए डा. जगदीश गाँधी व डा. (श्रीमती) भारती गाँधी बधाई के पात्र हैं। सी.एम.एस. शिक्षकों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि जब आप द्वारा शिक्षित किये गये बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में लगातार लखनऊ का नाम रोशन कर रहे हैं।
इस अवसर पर शिक्षकों को सम्बोधित करते हुए सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने सी.एम.एस. के सभी शिक्षकों को उनकी शिक्षा जगत की निःस्वार्थ सेवा के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि आप महान शिक्षकों ने अपने छात्रों को गुणवान व चरित्रवान बनाने के प्रयासों में कोई कमी नहीं छोड़ी है। सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. (श्रीमती) भारती गाँधी ने हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त की कि प्रत्येक छात्र एक अनमोल मोती की तरह चमकें और अपने माता-पिता, शिक्षकों तथा विद्यालय के गर्व का कारण बने।
इससे पहले, सिटी मोन्टेसरी स्कूल के 3000 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आज विशाल ‘चरित्र निर्माण मार्च’ निकालकर भावी पीढ़ी के चरित्र निर्माण व नैतिक उत्थान की पुरजोर अपील की। शिक्षकों का यह विशाल चरित्र निर्माण मार्च आज प्रातः 7.00 बजे गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित मकदूमपुर पुलिस चौकी से सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम तक निकाला गया। इस विशाल मार्च में डा. जगदीश गाँधी व डा. (श्रीमती) भारती गाँधी, प्रेसीडेन्ट प्रो. गीता गाँधी किंगडन समेत कैम्पस की प्रधानाचार्याओं व कई प्रख्यात हस्तियों ने शामिल होकर भावी पीढ़ी के चरित्र निर्माण की आवाज बुलन्द की।







