लखनऊ, 11 जनवरी 2019: सिटी मोन्टेसरी स्कूल की मेजबानी में आयोजित एक माह के 26वें अन्तर्राष्ट्रीय बाल शिविर में प्रतिभाग कर रहे 14 देशों के छात्रों द्वारा नृत्य एवं संगीत का साँस्कृतिक महोत्सव ‘ओपेन डे समारोह’ आगामी 18 जनवरी, शुक्रवार को प्रातः 9.30 बजे से सीएमएस कानपुर रोड ऑडिटोरियम में आयोजित किया जा रहा है।
प्रदेश के श्रम एवं रोजगार मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य इस अवसर पर मुख्य अतिथि होंगे। सीएमएस के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरिओम शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस साँस्कृतिक महोत्सव में 14 देशों ब्राजील, कोस्टारिका, डेनमार्क, फ्राँस, जर्मनी, इटली, जापान, मैक्सिको, मंगोलिया, नार्वे, स्पेन, स्वीडन, थाईलैण्ड एवं भारत के बाल प्रतिनिधि अपने-अपने देश के लोकनृत्यों व लोकगीतों की इन्द्रधनुषी छटा प्रदर्शित करेंगे।
उन्होंने कहा कि सीएमएस. की मेजबानी में एक माह का अन्तर्राष्ट्रीय बाल शिविर 28 दिसम्बर 2018 से 24 जनवरी 2019 तक आयोजित किया जा रहा है।






