एक चोर की रोचक जर्नी है फिल्म ‘चोर पुलिस’
पटना, 03 अप्रैल 2019: अभिनेता से निर्माता बने मशहूर कलाकार कुणाल सिंह की कॉमेडी जोनर की भोजपुरी फिल्म ‘चोर पुलिस’ 5 अप्रैल से बिहार के सभी सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म का ट्रेलर व म्यूजिक आज राजधानी पटना स्थित होटल समर्पण नेस इन में हुआ। इस मौके पर अभिनेता सह निर्माता कुणाल सिंह, अभिनेता आकाश सिंह यादव, अभिनेत्री रानी चटर्जी व अंजना सिंह, कॉमेडियन मनोज टाइगर मौजूद रहे।
बाद में पत्रकारों से बात करते हुए अभिनेता आकाश सिंह यादव ने कहा कि फिल्म ‘चोर पुलिस’ काफी इंटरटेनिंग है। फिल्म से मुझे काफी उम्मीद हैं, क्योंकि मैंने फिल्म में बड़े – बड़े कलाकारों के साथ काम किया है। उनसे बहुत कुछ सीखा भी है। फिल्म में मेरा किरदार निराला है। कुल मिलाकर देखें तो इस फिल्म में भोजपुरिया दर्शकों को मनोरंजन का फुल डोज मिलेगा। फिल्म की शूटिंग बिहार, नेपाल, बनारस, मुंबई और गुजरात में हुई है।
वहीं, अंजना सिंह ने कहा कि वे इस फिल्म में चोर की भूमिका में है, जो अपने आप में एक एडवेंचर से कम नहीं है। लेकिन इस किरदार को जीने में बहुत मजा आया। मेरा किरदार फिल्म में चोर का जरूर है, लेकिन यह हार्ड कोर विलेन जैसा नहीं है। फिल्म में बहुत मजा आने वाला है। कॉमेडियन मनोज टाइगर ने कहा कि भोजपुरी सिनेमा में ऐसी फिल्मों का बनना इंडस्ट्री के लिए बेहद सकारात्मक है।
निर्माता कुणाल सिंह ने कहा कि भोजपुरी सिनेमा ने बदलाव के कई फेज देखें हैं। आज भोजपुरी सिनेमा काफी परिपक्व हुई है। उसी कड़ी में हम फिल्म ‘चोर पुलिस’ लेकर आये हैं, जो एक चोर की जर्नी है। इसमें ड्रामा, एक्शन, रोमांस और मुख्य रूप से कॉमेडी का बेजोड़ मिश्रण दर्शकों को देखने को मिलेगा। फिल्म में मेरा बेटा आकाश सिंह यादव लीड रोल में हैं। लेकिन मुझे फक्र है कि वह सिनेमा स्क्रीन पर बेटा से ज्यादा अभिनेता है। फिल्म के सभी कलाकारों ने खूब मेहनत किया है, तब जाकर हम इस फिल्म को लेकर दर्शकों के सामने हैं।






