मुंबई, 28 जून 2019: अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी काफी समय से फिल्म इंडस्ट्री से दूर हैं उम्मीद है जल्द वह बड़े पर्दे पर जलवे बिखेरती नजर आएंगी। शिल्पा ने बताया कि वह एक ऐसा दौर था जब वह फिल्मों में वापस नहीं आना चाहती थीं, लेकिन अब उनका कहना है कि 11 साल के लंबे समय के बाद अब वह पूरी तरह से फिल्मों में आने के लिए तैयार हैं। शिल्पा का कहना है कि वह इस तरफ पूरा ध्यान लगा रही हैं। वह इस समय तीन फिल्मों की कहानियां पढ़ रही हैं।
बता दें कि अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी बॉलीवुड में कमबैक करने जा रही हैं। शिल्पा शेट्टी काफी समय से फिल्म इंडस्ट्री से दूर हैं, हालांकि वह टीवी रिऐलिटी शो में बतौर जज कई बार दिखीं, लेकिन अब खुद शिल्पा ने फिल्म में काम करने की इच्छा जताई है।
शिल्पा का मानना है कि भले ही वह फिल्मों में वापसी करेंगी लेकिन एक महिला के तौर पर उनका परिवार और बच्चा हमेशा उनकी प्राथमिकता रहेगा।
शिल्पा मानती हैं कि महिलाओं में इतनी क्षमता होती है कि वह घर-परिवार के साथ अपने करियर को भी बनाकर रख सकती हैं। शिल्पा ने बताया कि अब उनका बेटा विआन इतना बड़ा हो गया है कि वह उसके अलावा अपने काम पर भी फोकस कर सकती हैं।
शिल्पा ने कहा, अब विआन ज्यादा समय अपने स्कूल में बिताता है इसलिए अब मेरे पास समय है कि मैं कुछ और करने के बारे में सोच सकती हूं।
शिल्पा ने कहा, वह काफी छोटा था और उस समय सिर्फ उसे मेरी जरूरत थी मैं अपना पूरा ध्यान उसी पर देना चाहती थी और मुझे इस बात को लेकर कोई भी पछतावा नहीं है। ऐसा नहीं है मैंने काम करना बंद कर दिया। मैंने इस दौरान अपने हिसाब से काम किया और मैं बहुत खुश हूं।






