7 फरवरी को होगी रिलीज
पटना 05 फरवरी 2020 : साईं दीप फिल्म्स प्रस्तुत भोजपुरी फिल्म ‘लैला मजनू’ इस वैलेंटाइन 7 फरवरी को बिहार और झारखंड के सर्वाधिक सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसकी घोषणा आज राजधानी पटना के होटल कासा पीकोला में आयोजित फ़िल्म के प्रेस कांफ्रेंस में फ़िल्म के निर्माता राजकुमार आर पांडेय ने दी। इस दौरान फ़िल्म के अभिनेता प्रदीप पांडेय चिंटू, अभिनेत्री अक्षरा सिंह भी मौजूद रहीं।
फ़िल्म को लेकर चिंटू ने कहा कि फिल्म का निर्माण भव्य पैमाने पर हुआ है। इसकी एक झलक आप ट्रेलर में देख सकते हैं। हमें उम्मीद है कि फिल्म दर्शकों को खूब पसंद आने वाली है, क्योंकि यह कहानी 1976 के लैला मजनू की नहीं, आज के लैला मजनू की है। उन्होंने कहा कि यह फ़िल्म युवाओं को एक सन्देश भी देती है कि हमारी तहजीब गंगा जमुनी है। हमें इसे बरकरार रखना चाहिए।

वहीं, अक्षरा सिंह ने बताया कि फ़िल्म नए मिजाज और नए कॉन्सपेट पर आधारित है। यह एक ऐतिहासिक कहानी है आज के अंदाज में। इसमें मेरा किरदार एक मुस्लिम लड़की का है, जिसके लिए उसका प्रेमी धर्म बदलने को भी तैयार हो जाता है। इस वक्त एक डायलॉग है, जो मेरे दिल के बहुत करीब है वो ये – ‘किसी को बदल के चाहो वो चाहत नहीं, चाहत तो वो होती है जो जैसा है उसको उसी रूप में कबूल किया जाए’। ऐसे कई दमदार संवाद हैं, जो फ़िल्म का आकर्षण है।
फिल्म ‘लैला मजनू’ के निर्माता राजकुमार आर पांडे और निर्देशक महमूद आलम हैं। कहानी भी महमूद की है और पटकथा एस के चौहान ने लिखी है। संगीतकार राजकुमार आर पांडे व प्रमोद गुप्ता का है। गीतकार राजकुमार आर पांडे, श्याम देहाती, नौसाद खान और आशुतोष हैं। डीओपी नागेंद्र कुमार, एक्शन श्री श्रेष्ठ और कोरियोग्राफर कानू मुखर्जी हैं। संवाद संदीप के. कुशवाहा का है।






