नई दिल्ली, 17 जनवरी। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक गैंगरेप पीड़िता पिछले दो दिनों से मेडिकल परीक्षण का इंतजार जारी है, लेकिन डॉक्टर नहीं होने के कारण उसकी जांच नहीं हो पा रही है। दो दिन पहले 13 साल की एक लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार किया और वह अब तक चिकित्सकीय परीक्षण की प्रतीक्षा कर रही है।
इस मामले में दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है। पीड़िता के पिता की शिकायत के अनुसार नाबालिग लड़की शनिवार शाम पड़ोस के दो लड़कों के साथ खेल रही थी, तभी वे उसे एकांत स्थान पर ले गए और उसके साथ बलात्कार किया। पुलिस ने भादंस की धारा 376 और पॉक्सो कानून के तहत केस दर्ज किया है।
शिकायत के अनुसार इसके बाद आरोपियों ने इस घटना के बारे में किसी को नहीं बताने के लिए धमकाया। पीड़िता ने घर पहुंचने के बाद अपने माता पिता से इस घटना के बारे में बताया है। साहिबाबाद के वरिष्ठ उप निरीक्षक जितेन्द्र सिंह का कहना है कि सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों के नहीं होने के कारण दो दिन बाद भी पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण नहीं हो सका है।







