सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, सत्ता के दुरुपयोग के अलावा भाजपा ने नहीं किया कोई काम
सूचना विभाग का काम सरकारी विकास योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना है। इसके बजाय लाल टोपी दिखाकर फर्क बताने वालों राजनीतिक विज्ञापन जारी किए जा रहे हैं जो स्पष्ट रूप से राजनीतिक प्रचार कार्य है। 2022 की समाजवादी सरकार द्वारा यह जांच सुनिश्चित की जाएगी कि सूचना विभाग से भाजपा के राजनीतिक प्रचार के लिए कितनी धनराशि विज्ञापनों, होर्डिंग आदि पर खर्च की गई। इसमें जो अधिकारी दोषी पाए जाएंगे वे जांच के दायरे में होंगे। ये बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कही।
अखिलेश यादव ने कहा कि जब से भाजपा सत्ता में आई है, सिवाय सत्ता के दुरुपयोग के उसने कोई काम नहीं किया है। समाजवादी सरकार में सरकारी कोष का इस्तेमाल नहीं किया गया जबकि भाजपा सरकार में संसाधनों का दुरुपयोग करने में जरा भी लोकलाज नहीं रही। सन् 2017 में सत्ता में आने के बाद से भाजपा सरकारी कोष और संसाधनों का लगातार अपनी पार्टी के पक्ष से प्रचार के लिए प्रयोग करती आ रही है। भाजपा-समाजवादी में यही अंतर है।
उन्होंने कहा कि भाजपा राज में महिलाएं और बेटियां सर्वाधिक असुरक्षित हैं। उन्नाव-लखीमपुर खीरी में सत्ता संरक्षण में महिलाओं को अपमानित किया गया। समाजवादी सरकार में महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन शुरू की गई थी। भाजपा राज में कितनी ही बच्चियों ने छेड़खानी से तंग आकर अपनी जान दे दी। समाजवादी सरकार और भाजपा सरकार के कामकाज में यहीं अंतर है।







