लखनऊ,27 अप्रैल। स्वच्छता पखवारे के उपलक्ष्य में संस्कृति मंत्रालय और संगीत नाटक अकादमी नई दिल्ली की ओर से केंद्रीय सचिवालय पुस्तकालय हाल शास्त्री भवन नई दिल्ली में पुतुल प्रदर्शनों का आयोजन किया। प्रदर्शन में स्थानीय दीपा पपेट संस्थान के कलाकारों ने छड़ व दस्ताना पुतुल प्रस्तुति ” स्वच्छ सफाई जंगल पानी- गुलाबो सिताबो कहें कहानी ” का प्रदर्शन दीपा मित्रा के निर्देशन में किया। उत्तर प्रदेश की पारंपरिक पुतुल परंपरा गुलाबो- सिताबो को केन्द्र में रखकर कविता मित्रा की लिखे आलेख की प्रस्तुति में रोचक ढंग से स्वच्छता अपनाने का संदेश दर्शकों तक प्रसारित किया गया।
प्रस्तुति को दीपा के गाये लोक सम्मत गीतों ने और दर्शनीय बनाया। प्रस्तुति में कलाकारों के तौर पर निर्देशिका दीपा के संग मिलन यादव, राजवीर रतन, सुमित श्रीवास्तव, वीरेंद्र तिवारी, समीर मित्रा, वीरेंद्र मोहन मिश्र और तन्मय मित्रा ने प्रभावपूर्ण पुतुल संचालन किया। समारोह की दूसरी प्रस्तुति पूरन भाट के निर्देशन में राजस्थानी पुतुल कला और परंपरा को उकेरने वाली थी।