इस्लामाबाद। हिजबुल मुजाहिदीन पर अमेरिकी प्रतिबंध से बौखलाए पाकिस्तान ने कहा है कि अमेरिका ने हिजबुल मुजाहिदीन पर प्रतिबंध लगाकर अच्छा नहीं किया, यह अमेरिका का अनुचित कदम है यह दुखद सूचना का विषय है।
बुधवार को जारी विज्ञप्ति में अमेरिकी वित्त विभाग की वेबसाइट पर अमेरिका ने आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है। इसके बाद अमेरिका में उसकी किसी भी संपत्ति को जब्त कर लिया जाएगा। इसके साथ ही अमेरिकी नागरिकों को आतंकवादी समूह के साथ किसी प्रकार का लेन-देन करने पर भी रोक लगा दी गई है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक पृथक बयान में कहा गया था कि हिजबुल मुजाहिदीन बहुत से हमलों के लिए जिम्मेदार है। उल्लेखनीय, है कि कश्मीर में भारत के खिलाफ छद्म युद्ध का मोर्चा खोलने के लिए 1989 में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने हिजबुल मुजाहिदीन का गठन कराया था।
गौरतलब है कि पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा के कुछ घंटे पहले ही अमेरिका ने हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर सैयद सलाहुद्दीन पर प्रतिबंध लगा दिया था।







