विदेश मंत्री ने मृतकों के परिवारों के साथ मुलाकात के दौरान यह बात कही
नई दिल्ली, 27 मार्च। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि इराक में मारे गए 39 भारतीयों के शव एक हफ्ते में भारत लाए जाएंगे। आधिकारिक सूत्रों ने मीडिया रिपोर्ट में बताया कि विदेश मंत्री ने मृतकों के परिवारों के साथ मुलाकात के दौरान यह बात कही। इन परिवारों ने सरकार तथा विशेष रूप से सुषमा और विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह द्वारा की गई कोशिशों की सराहना की है। मंत्री ने परिजन से कहा कि शवों को एक हफ्ते में भारत लाया जाएगा और समूची प्रक्रिया की निगरानी के लिए सिंह इराक जाएंगे। शवों को लाने के लिए सिंह के एक मालवाहक विमान से जल्द रवाना होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि सुषमा ने राज्यसभा में कहा था कि करीब 40 भारतीयों को इराक के मोसुल से आईएसआईएस आतंकी संगठन ने अगवा कर लिया था लेकिन उनमें से एक खुद को बांग्लादेशी मुसलमान बता कर बच निकलने में कामयाब रहा। शेष 39 भारतीयों को बादूश ले जाया गया और उनकी हत्या कर दी गई। गोबिंदर सिंह के छोटे भाई दविंदर सिंह कि मुताबिक हमें एक निकट परिजन को सरकारी नौकरी सहित हर तरह की सहायता का भरोसा दिलाया गया है।मृतकों के परिवार ने वित्तीय मदद और सरकारी नौकरी मांगी है क्योंकि उनके लिए आजीविका अर्जित करने वाले की मौत हो गई है।







