मुंबई 12 मार्च 2018। दक्षिणी मुंबई का आजाद मैदान सोमवार सुबह हजारों किसानों के एकत्र होने से लाल हो गया। अपनी मांगों के समर्थन में पिछले छह दिनों से तपती धूप में 180 किलोमीटर की यात्रा कर पहुंचे किसानों ने अपने हाथों में लाल झंडे थाम रखे हैं। किसान आज बिना किसी शर्त के ऋणमाफी की मांग करते हुए विधानसभा परिसर का घेराव करने वाले हैं। ऋणमाफी के अलावा किसान, आदिवासी किसानों को वनभूमि हस्तांतरण करने की भी मांग कर रहे हैं। सायन क्षेत्र में केजे सोमैय्या मैदान में ठहरने के बाद किसान आज तड़के आजाद मैदान पहुंचे। किसानों के इस प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे माकपा से संबद्ध ऑल इंडिया किसान सभा ने बताया कि वह उन मुद्दों को अंतिम रूप दे रही है, जिन पर सरकार के साथ बातचीत होनी है। माकपा नेता अशोक धावले ने बताया 50,000 से अधिक किसान प्रदर्शन में शामिल हुए हैं। उन्होंने बताया, हमने अपनी रैली सुबह 11 बजे शुरू की, ताकि 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा दे रहे छात्रों को कोई परेशानी नहीं हो।
ठाणे जिले के आदिवासी किसान भी नासिक जिले से आए किसानों के इस विरोध प्रदर्शन में शिरकत की। महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने कल उपगनरीय मुंलुंड में इस मार्च का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार ने किसानों की पहले वाली मांगो को पूरा किया है और अब वह नई मांगो पर भी विचार करेगी। राज्य में विपक्षी पार्टी राकांपा, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार का हिस्सा शिव सेना ने भी किसानों की मांग का समर्थन किया है।
मनसे प्रमुख राज ठाकरे और शिव सेना नेता आदित्य ठाकरे ने कल किसानों से मुलाकात की थी। पिछले साल नवंबर में राज्य सरकार ने कृषि ऋण माफी की घोषणा करते हुए इसे महाराष्ट्र के इतिहास में सबड़े बड़ी ऋणमाफी बताया था। पिछले महीने राज्य के राज्यपाल विद्यासागर राव ने राज्य विधानसभा को बताया था कि सरकार ने 31 लाख किसानों के बैंक खाते में 12,000 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए है।
प्रदर्शनरत किसान स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने की मांग कर रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि किसानों को उत्पादन लागत का डेढ़ गुना भुगतान किया जाए और इसी को ध्यान में रखते हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया जाए। ऐसी संभावना कम है कि सभी किसानों को आजाद मैदान से विधानसभा परिसर की ओर जाने दिया जाएगा लेकिन इन किसानों के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस से मिलने की इजाजत दी जा सकती है।







