इंडिया Vs चीन
भारत की रणनीति और चौतरफा दबाव आखिर काम आया। चीन ने गलवान घाटी में अपने कुछ सैनिक और वाहन अग्रिम मोचों से पीछे हटा दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख सीमा पर तनाव कम करने के लिए 22 जून को कोर कमांडर स्तर की बातचीत हुई थी। इसमें चीन की सेना ने एलएसी पर अग्रिम मोर्चों पर तैनात अपने जवानों को पीछे हटाने का आश्वासन दिया था। इसके मुताबिक चीन ने गलवान इलाके में अपने कुछ सैनिक और वाहन पीछे हटा लिए हैं।
बता दें कि पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन की सेनाओं के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही है। 15 जून की रात यह तनातनी गलवान घाटी में चरम पर पहुंच गई और इसने हिंसक झड़प का रूप ले लिया। इनमें 20 भारतीय सैनिक वीरगति को प्राप्त हो गए थे। इसमें चीन के भी 40 से अधिक सैनिक हताहत हुए लेकिन चीन ने इसे आधिकारिक तौर पर स्वीकार नहीं किया। इसके बाद तनाव कम करने के लिए 22 जून को कोर कमांडर लेवल की बात हुई थी।







