कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, विधानसभा सत्र में भी प्रमुखता से उठाया जाएगा सवाल
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने सेन्ट्रल बार एसोसिएशन द्वारा फीस माफी को लेकर चलाये जा रहे आन्दोलन को अपना समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक कन्धे से कन्धा मिलकर इस लड़ाई को लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। आगामी विधानसभा सत्र में यह सवाल प्रमुखता के साथ उठाया जायेगा। इसके साथ ही अजय कुमार लल्लू ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर उप्र के अंशकालिक खेल प्रशिक्षकों की समस्याओं को त्वरित निराकरण किये जाने का अनुरोध किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री संजीव पाण्डेय, एडवोकेट को लिखे समर्थन पत्र में कहा है कि विगत 6 माह से वैश्विक महामारी कोविड-19 के चलते आम जन अत्यन्त परेशान हैं। उनकी रोजी-रोटी खतरे में है। स्थिति इतनी खराब है कि आम लोग अपने बच्चों की फीस तक नहीं जमा कर पा रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने फीस माफी के लिए चलाये जा रहे आन्दोलन की सराहना की है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि प्रदेश में संचालित यू0पी0 बोर्ड, सी0बी0एस0ई0 बोर्ड एवं अन्य बोर्डों के छात्रों की विगत 6 माह की फीस माफ करने, इन शिक्षण संस्थानों में कार्यरत मान्यता/गैर मान्यता प्राप्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सरकार से कम से कम आठ हजार रूपये प्रतिमाह सहायता प्रदान किये जाने एवं नये साल की पाठ्य पुस्तकों में बदलाव न किये जाने को लेकर चलाये जा रहे इस संघर्ष में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह साथ खड़ी है।
इसके साथ अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश सरकार को खत लिखकर उप्र के अंशकालिक खेल प्रशिक्षकों की समस्याओं को त्वरित निराकरण किये जाने का अनुरोध किया है। उन्होने लिखा है कि विगत 5 माह से नवीनीकरण न होने से 25 मार्च 2020 से सेवाएं समाप्त कर दिये जाने के चलते इनके समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
डिप्लोमा धारक खेल प्रशिक्षक एसोसिएशन उप्र के सचिव विकास यादव द्वारा किये गये अनुरोध पर अजय कुमार लल्लू ने मुख्यमंत्री को पत्र में कहा है कि 01 अप्रैल 2020 से इन प्रशिक्षकों का नवीनीकरण होना था, लेकिन लाक डाउन के चलते नहीं हो पाया है। इससे इन्हें परिवार के भरण पोषण में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।






