नई दिल्ली, 28 फरवरी। बिहार के मुजफ्फरपुर में पिछले दिनों एक अनियंत्रित कार स्कूल के परिसर में घुस गई, इस हादसे में 9 छात्रों की मौत हुई वहीं करीब 33 लोग घायल हो गए। बच्चों की मौत के बाद सियासी बयानबाजी काफी तेज हो गई है वहीं जिस गाड़ी से यह दुर्घटना हुई है वह भाजपा के एक नेता की है। बच्चों पर अब ताजा बयान कांग्रेस की नेता रेणुका चौधरी का आया है। भाजपा को आड़े हातों लेते हुए रेणुका ने कहा कि चूंकि बच्चे वोट नहीं डालते इसलिए भाजपा सरकार में बच्चों पर तवज्जो नहीं दी जा रही है। या इसे ऐसे भी कहा जा सकता है कि बीजेपी सरकार में बच्चे डिस्पोजेबल से ज्यादा कुछ नहीं हैं।
गोरखपुर अस्पताल में बच्चों की मौत का मामला भी उठाया:
अब बात चाहें उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बच्चों की अस्पताल में होने वाली मौत हो या फिर बीजेपी के एक नेता द्वारा देश के नौनिहालों पर कार चढ़ाए जाने की बात। 24 फरवरी को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के झपहा के धर्मपुर गांव में स्थित एक सरकारी स्कूल की इमारत में एक अनियंत्रित कार घुस गई थी। इस मामले में भाजपा के एक नेता मनोज बैठा का नाम सामने आ रहा है। इसी को लेकर राष्ट्रीय जनता दल के नेता और पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला कर रहे हैं। वहीं रेणुका ने गोरखपुर के अस्पताल में पिछले साल हुई बच्चों की मौतों पर भी बीजेपी को घसीटा है।






