दिल्ली मंगलवार को राजस्थान के जैसलमेर से भी ज्यादा गरम रही। दिल्ली के पालम इलाके में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा जबकि जैसलमेर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके पहले 24 मई को 2013 में सफदरजंग इलाके में पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था।
राजस्थान की ओर से आने वाली उत्तर पश्चिमी गर्म हवाओं ने दिल्ली की हवा में मौजूद नमी को लगभग खत्म कर दिया है। मंगलवार को आया नगर में न्यूनतम आद्रता का स्तर नौ फीसदी पर पहुंच गया। वहीं सफदरजंग में सुबह 11.30 बजे यह 11 फीसदी रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हवा में नमी कम होने से गर्मी अधिक महसूस हो रही है। गर्म हवाएं लू का रूप ले रही हैं। दोपहर के समय लू लगने की संभावना काफी अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी लू की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि 24 मई को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। ऐसे में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। गर्मी से ये राहत ज्यादा दिन नहीं रहेगी। सप्ताह के अंत तक फिर तापमान में बढ़ोतरी होगी और यह 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।







